यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गया में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़, चार नक्सली ढेर
गया में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गये हैं। सुरक्षाबलों ने कई स्वचालित हथियार भी बरामद किये हैं।

गया [जेएनएन]। जिले की नवादा सीमा पर गुरपा जंगल में सीआरपीएफ के कोबरा जवानों व प्रतिबंधित नक्सली संगठन के बीच बुधवार की दोपहर मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से करीब 40 मिनट तक हुई अंधाधुंध गोलीबारी में कोबरा जवानों ने नक्सली संगठन के सब जोनल स्तर के चार नक्सलियों को मार गिराया। साथ ही मारे गए नक्सलियों के पास से चार अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए गए। जिसमें एक-एक एके-47 व एसएलआर व दो इंसास राइफल सहित भारी मात्रा में जिंदा कारतूस व हैंड ग्रेनेड भी बरामद हुआ।
मारे गए नक्सलियों में दो की पहचान हुई है, जिसमें एक सब जोनल कमांडर अनिल यादव उर्फ दीपक तथा दूसरा तकनीक उर्फ ओम प्रकाश बताया गया है। मुठभेड़ खत्म होने के बाद भी जवानों का जंगल में सर्च अभियान अभी जारी है।
यह भी पढ़ें: सरकारी डॉक्टर ने नीलगाय को बना दिया 'हिरण', 8 साल से है कैद
गया-नवादा सीमा पर गुरपा के बालासोप, आमकोल व पननिया जंगल के बीच प्रतिबंधित नक्सली संगठन के बिहार व झारखंड राज्य के शीर्ष नेताओं की अहम बैठक चल रही थी। बताया जा रहा कि बैठक के बाद दोनों राज्यों में बड़ी नक्सली गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बनी थी। इसकी सूचना 205 सीआरपीएफ कोबरा के सहायक कमांडेंट को मिली। इसके बाद सहायक कमांडेंट के नेतृत्व में कोबरा जवान जंगल में कूच कर गए।
सीआरपीएफ के जवानों को आते देख नक्सलियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। फायरिंग होने के बाद पुलिस के जवानों ने भी पोजिशन संभाल ली। दोनों ओर से करीब 40 मिनट तक फायरिंग चलती रही। जंगलों में फायरिंग के बीच नक्सली संगठन के राज्यस्तरीय कुछ नेता किसी तरह जान बचाकर झारखंड की ओर भागने में सफल रहे। फायरिंग बंद होने के बाद सिटी एसपी अवकाश कुमार के नेतृत्व में जिला पुलिस बल व अन्य अधिकारी पहुंचे। जिला पुलिस व सीआरपीएफ कोबरा जवानों की ओर से संयुक्त सर्च अभियान जंगल में चलाया गया। इस दौरान चार नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों के पास नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया है।
सिटी एसपी अवकाश कुमार ने कहा कि पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें चार नक्सली मारे गए हैं। सर्च अभियान पूरा होने के बाद ही कुछ स्पष्ट रूप से बता सकेंगे। उधर सूचना यह भी मिली है कि सीआरपीएफ के कोबरा जवानों द्वारा झारखंड व नवादा की ओर से भी जंगल में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार शाम तक नक्सलियों का शव गया जिला मुख्यालय नहीं पहुंचा था। जबकि पोस्टमॉर्टम के लिए गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में पूरी तैयारी कर ली गई थी।