गया में पुलिस टीम पर हमला: गाड़ी ओवरटेक कर शराब केस के आरोपित को छुड़ा ले गए दबंग, दो सिपाही घायल
गया के गुरपा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला कर शराब मामले के एक आरोपी को जबरन छुड़ा लिया गया। इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए और तीन नामजद सहित चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गया में पुलिस टीम पर हमला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पुलिस टीम पर हमला कर शराब मामले के आरोपी को छुड़ाया गया।
इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हुए, प्राथमिकी दर्ज हुई।
लावारिस मोटरसाइकिल की जांच के दौरान हुई यह अप्रत्याशित घटना।
संवाद सूत्र, फतेहपुर (गया)। गुरपा थाना क्षेत्र में लावारिस मोटरसाइकिल की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट कर हिरासत में लिए गए एक आरोपित को जबरन छुड़ाने का मामला सामने आया है।
घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के आवेदन पर तीन नामजद समेत चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी की गई है। मामले की जांच एसआई विनय कुमार सिंह कर रहे हैं।
सड़क किनारे लावारिस मोटरसाइकिल की सूचना
घटना 24 नवंबर की सुबह की है। पुलिस के अनुसार दुन्दु मंदिर के पास सड़क किनारे लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी होने की सूचना पर पीटीसी दर्शन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
करीब 09:45 बजे उपेंद्र यादव के घर के समीप काले नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक मिली। आसपास पूछताछ के बाद भी बाइक के मालिक का पता नहीं चल सका। इसी दौरान पुलिस ने भीड़ में मौजूद नीतीश कुमार उर्फ बंगाली की पहचान की।प्राथमिकी में उसे फतेहपुर थाना में मद्य निषेध कानून के तहत दर्ज मामले का आरोपित बताया गया है।
पुलिस वाहन को ओवरटेक कर रास्ता रोका
पुलिस के मुताबिक उसे आगे की कार्रवाई के लिए ले जाने के दौरान धनक्षू मोड़ मंदिर के पास तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे लोगों ने पुलिस वाहन को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया।
आरोप है कि देवनंदन यादव, विपिन कुमार समेत चार अज्ञात लोगों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई कर नीतीश को छुड़ा लिया। इस दौरान नीतीश पर भी पुलिसकर्मियों से हाथापाई करने का आरोप है। हाथापाई में सिपाही राजन कुमार के दाहिने हाथ तथा गोल्डेन कुमार के दाहिने हाथ और पैर में चोट लगी।
थानाध्यक्ष पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप
इसी मामले में देवनंदन यादव ने गुरपा थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। इससे संबंधित कथित ऑडियो प्रसारित होने के बाद उन्होंने मगध आईजी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। डीएसपी अभिनव कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता जांच के बाद स्पष्ट होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।