विदेशी पर्यटकों के सामने शर्मसार हुई व्यवस्था! गया में बौद्ध भिक्षुओं की राहत सामग्री झपटकर भागे ग्रामीण
गया के गुरपा में वियतनामी बौद्ध भिक्षुओं द्वारा गरीबों को खाद्य सामग्री वितरण के दौरान अफरा-तफरी मच गई, जिससे ग्रामीण सामग्री झपटकर भागने लगे।

राहत सामग्री झपटकर भागे ग्रामीण (सौ. जागरण)
HighLights
वियतनामी बौद्ध भिक्षुओं ने गुरपा में खाद्य सामग्री बांटी।
सामग्री वितरण के दौरान ग्रामीणों में मची अफरा-तफरी।
गुरपा पर्यटक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
संवाद सूत्र, फतेहपुर (गया)। गया जिले के गुरपा स्थित पर्यटक स्थल पर बीते बुधवार को उस समय अफरातफरी की स्थिति बन गई जब वियतनाम से आए करीब 100 बौद्ध भिक्षुओं द्वारा पूजा अर्चना के बाद गरीबों के बीच खाद्य सामग्री वितरण शुरू किया गया।
सामग्री लेने के लिए ग्रामीणों की भीड़ अचानक टूट पड़ी। आपाधापी के बीच लोगों ने सामग्री झपटकर ले ली। कुछ देर के लिए वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
पहाड़ की तराई में करीब एक घंटे तक की पूजा-अर्चना
जानकारी के अनुसार वियतनाम से आए बौद्ध भिक्षु पहाड़ की तराई में पहुंचे थे। यहां उन्होंने खाद्य सामग्री को सजाकर करीब एक घंटे तक पूजा अर्चना की।
पूजा समाप्त होने के बाद भिक्षुओं ने वहां मौजूद गरीब लोगों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण शुरू किया। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग सामग्री लेने के लिए आगे बढ़ने लगे। देखते ही देखते भीड़ में आपाधापी मच गई।
जिसे जो मिला लेकर भागते नजर आए लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामग्री लेने के लिए लोग इस कदर आतुर हो गए कि वितरण स्थल पर व्यवस्था बिगड़ गई। लोग झपटकर सामग्री लेने लगे और जिसे जो मिला। उसे लेकर वहां से जाते दिखाई दिए। स्थिति कुछ देर के लिए ऐसी हो गई कि वहां मौजूद लोगों को संभालना मुश्किल हो गया।
विदेशी पर्यटकों के सामने ऐसी स्थिति से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
गुरपा पहाड़ पर बौद्ध भिक्षुओं और अन्य पर्यटकों का आना जाना लगा रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार पर्यटक और बौद्ध भिक्षु अक्सर पहाड़ की तराई में रहने वाले जरूरतमंद लोगों के बीच खाद्य सामग्री, कपड़े और कंबल आदि का वितरण करते हैं। ऐसे में वितरण के दौरान इस तरह की आपाधापी की घटना से पर्यटक स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सुरक्षा चौकी और स्वास्थ्य केंद्र की उठ चुकी है मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ के नीचे सुरक्षा चौकी और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं है। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मुखिया और स्थानीय ग्रामीण पहले भी जिला प्रशासन से पहाड़ के नीचे सुरक्षा चौकी और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था करने की मांग कर चुके हैं। पहाड़ से गुरपा थाना की दूरी तीन किलोमीटर है। इस बीच गुरपा में एक रेलवे क्रॉसिंग है। पुलिस को जल्दबाजी में बंद रहने पर पार कर पहुंचना एक कठिन काम है।
पुलिस को नहीं मिली थी घटना की सूचना
गुरपा थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना थाना को नहीं मिली है। फिर भी मामले की जानकारी जुटाकर अपने स्तर से जांच-पड़ताल की जाएगी। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।