विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओरी के धान और गुड़ से बनती है खरना की खास खीर, बिहार में छठ पर आज भी कायम है यह अनोखी परंपरा

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:06 PM (GMT+05:30)

गया के ग्रामीण इलाकों में छठ महापर्व पर खरना के प्रसाद के लिए ओरी के धान का उपयोग करने की ...और पढ़ें

खरना की खीर में इसी चावल का होता है इस्तेमाल

खरना की खीर में इसी चावल का होता है इस्तेमाल

विश्वनाथ प्रसाद, गयाजी। छठ महापर्व केवल पूजा और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि लोक परंपराओं और ग्रामीण संस्कृति को सहेजने का भी अवसर है। बदलते समय के साथ खानपान और जीवनशैली में कई बदलाव आए हैं, लेकिन गया के ग्रामीण इलाकों में आज भी कुछ ऐसी परंपराएं जीवित हैं, जो पीढ़ियों से चली आ रही हैं।

इन्हीं में एक है खरना के प्रसाद के लिए विशेष रूप से ओरी के धान का इस्तेमाल करना। इस परंपरा में व्रती बाजार से चावल खरीदने के बजाय खुद खेतों में जाकर धान की बालियां चुनती हैं और उनसे पारंपरिक तरीके से चावल तैयार करती हैं।

खेतों में पकने वाले पहले धान को मिलता है महत्व

ओरी सामान्य धान से अलग किस्म का धान माना जाता है। यह खेत में सबसे पहले पककर तैयार होता है और आकार में भी सामान्य धान की अपेक्षा बड़ा दिखाई देता है।

व्रती पकी हुई बालियों को खेतों से चुनकर घर लाती हैं। इसके बाद उन्हें धूप में सुखाया जाता है। फिर ओखली या ढेकी में कूटकर चावल निकाला जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में शुद्धता और परंपरागत तरीके का विशेष ध्यान रखा जाता है।

खरना की खीर में इसी चावल का होता है इस्तेमाल

छठ व्रत की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इसके अगले दिन खरना का विधान किया जाता है। इस दिन व्रती पूरे नियम और निष्ठा के साथ पूजा करती हैं। ओरी के धान से तैयार चावल, गाय के दूध और गुड़ से खीर बनाई जाती है।

यही खीर खरना के विशेष प्रसाद के रूप में तैयार होती है। ग्रामीण मान्यता में इस पारंपरिक चावल से बने प्रसाद का अपना विशेष महत्व है।

पूर्वजों से मिली परंपरा को निभा रहीं महिलाएं

इमामगंज प्रखंड के माता चक गांव की व्रती रीता देवी और गंगीया देवी बताती हैं कि ओरी के धान से खरना का प्रसाद बनाने की परंपरा उनके परिवार में पूर्वजों के समय से चली आ रही है।

वे भी इस वर्ष छठ व्रत कर रही हैं और खुद खेतों में जाकर ओरी की बालियां चुन रही हैं। उनका कहना है कि इस परंपरा को निभाना उनके लिए केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पूर्वजों की सीख और संस्कारों को आगे बढ़ाना भी है।

कृषि संस्कृति से भी जुड़ा है छठ का यह विधान

इमामगंज प्रखंड के बसूरा गांव निवासी नरेश रजक बताते हैं कि उनके गांव में भी कई परिवार आज तक इस परंपरा का पालन करते हैं। धान की बालियां चुनने से लेकर चावल तैयार करने तक की प्रक्रिया ग्रामीण जीवन और खेती-किसानी से छठ के गहरे जुड़ाव को दर्शाती है।

आधुनिकता के बावजूद ग्रामीण महिलाएं इस परंपरा को पूरी श्रद्धा से निभा रही हैं। इससे नई पीढ़ी को भी स्थानीय कृषि विरासत और पारंपरिक खानपान की जानकारी मिल रही है।

यह भी पढ़ें- कहां गए वो दिन... जब छठ का गेहूं थेकी से छंटता था और जांते पर पिसता था आटा, घर-घर गूंजते थे लोकगीत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।