जहांगीर 3 दशकों से छठ व्रतियों को बांट रहे फल, गयाजी में पेश कर रहे भाईचारे की अनूठी मिसाल
मोहम्मद जहांगीर शेरघाटी, गया में पिछले तीन दशकों से छठ पूजा के अवसर पर राम मंदिर छठ पूजा समिति को ...और पढ़ें

मोहम्मद जहांगीर। (फाइल फोटो)
HighLights
मोहम्मद जहांगीर तीन दशक से छठ व्रतियों को फल बांट रहे।
शेरघाटी, गया में सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश।
धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत की सेवा का संदेश।
संवाद सहयोगी, शेरघाटी (गया)। आस्था के महापर्व छठ में जहां चारों ओर सूर्योपासना और लोक आस्था की छटा बिखरती है, वहीं शेरघाटी के नई बाजार के फल व्यवसायी मोहम्मद जहांगीर अपने सेवा भाव से सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश कर रहे हैं।
पिछले तीन दशकों से वह कार्तिक छठ के अवसर पर धर्म और मजहब की सीमाओं से ऊपर उठकर सूर्य नारायण घाट स्थित राम मंदिर छठ पूजा समिति को फल उपलब्ध कराते आ रहे हैं। उनका यह प्रयास न केवल आपसी भाईचारे को मजबूत कर रहा है, बल्कि इंसानियत का संदेश भी दे रहा है।
जहांगीर बताते हैं कि पुण्य और परोपकार के लिए किसी धर्म या जाति को देखने की जरूरत नहीं होती। जब से उन्होंने होश संभाला है, अपनी सामर्थ्य के अनुसार लोगों की सेवा करते रहे हैं।
खुदरा फल व्यवसाय से शुरुआत के दिनों से ही उन्होंने छठ पूजा के अवसर पर समिति को फल उपलब्ध कराने की परंपरा शुरू की थी।
उनका कहना है कि इस सेवा से उन्हें आत्मसंतुष्टि मिलती है। समिति के सदस्यों ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, इसे वह अपने लिए सौभाग्य मानते हैं।
'जब तक रहेगी सांस, जारी रहेगा सिलसिला'
जहांगीर कहते हैं कि जब तक सांस चलेगी, इंसानियत की सेवा का यह सिलसिला जारी रहेगा। कुछ लोग ऐसे कार्यों को मजहब के नजरिये से देखते हैं, लेकिन उनका मानना है कि ईश्वर ने सभी को इंसान के रूप में जन्म दिया है।
जन्म के बाद व्यक्ति अलग-अलग धर्म और जाति से जुड़ता है। सभी धर्म सम्मान के योग्य हैं। परमात्मा एक हैं, उनके स्वरूप अनेक हैं।
इधर, सूर्य नारायण छठ पूजा समिति के सचिव दीनानाथ पांडेय और सदस्य अरुण चंद्रवंशी ने बताया कि जहांगीर प्रत्येक वर्ष सेब, संतरा, महताब, केला सहित अन्य फल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराते हैं।
समिति के सदस्य इन फलों को छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच वितरित करते हैं। उन्होंने कहा कि जहांगीर का यह प्रयास सराहनीय है। समाज में ऐसे सेवा भाव और आपसी सद्भाव की आज सबसे अधिक आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें- दिनभर उपवास और नंगे पांव रहकर छठ के चूल्हे बनाती हैं किशनगंज में मुस्लिम मां-बेटी, 20 साल से पेश कर रहीं अनूठी मिसाल