विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिनभर उपवास और नंगे पांव रहकर छठ के चूल्हे बनाती हैं किशनगंज में मुस्लिम मां-बेटी, 20 साल से पेश कर रहीं अनूठी मिसाल

Published: Sat, 14 Nov 2026 12:42 PM (GMT+05:30)

किशनगंज में शहनाज बेगम और उनकी बेटी शबनम आरा पिछले 20 सालों से छठ महापर्व के लिए मिट्टी के चूल्हे ...और पढ़ें

दिनभर उपवास और नंगे पांव रहकर छठ के चूल्हे बनाती हैं मुस्लिम मां-बेटी

दिनभर उपवास और नंगे पांव रहकर छठ के चूल्हे बनाती हैं मुस्लिम मां-बेटी

HighLights

  1. शहनाज और शबनम 20 साल से छठ चूल्हे बना रहीं।

  2. छठ महापर्व के लिए मिट्टी के पवित्र चूल्हे तैयार करती हैं।

  3. यह कार्य सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल है।

सुभजीत शेखर, किशनगंज। आस्था की कोई सीमा नहीं होती और इंसानियत का कोई मजहब नहीं होता। किशनगंज में छठ महापर्व के अवसर पर इसकी एक खूबसूरत मिसाल देखने को मिल रही है। यहां मुस्लिम मां-बेटी के हाथों तैयार मिट्टी के चूल्हे पर हिंदू परिवारों की व्रती महिलाएं छठी मैया का महाप्रसाद तैयार करेंगी। 

पिछले करीब 20 वर्षों से शहनाज बेगम और उनकी बेटी शबनम आरा इस काम में जुटी हैं। उनके हाथों से बने मिट्टी के चूल्हों पर जब खरना का प्रसाद तैयार होता है तो यह केवल एक पूजा की तैयारी नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की ऐसी तस्वीर बन जाती है, जो धर्म और मजहब की दीवारों को पीछे छोड़ देती है।

दीपावली खत्म होते ही शुरू कर देती है तैयारी

शहर के खगड़ा बहादुरगंज मोड़ के समीप ओवरब्रिज के नीचे शहनाज बेगम अपनी बेटी शबनम के साथ मिट्टी के चूल्हे तैयार करती हैं। दीपावली समाप्त होते ही मां-बेटी छठ पूजा की तैयारियों में जुट जाती हैं। 

मिट्टी को आकार देने से लेकर चूल्हों को सुखाने और रंग-रोगन कर आकर्षक बनाने तक की पूरी जिम्मेदारी दोनों मिलकर निभाती हैं। करीब दो दशक से चली आ रही यह मेहनत अब उनकी पहचान बन चुकी है। छठ व्रतियों को भी उनके हाथों से तैयार चूल्हों का इंतजार रहता है।

रोजी-रोटी से बढ़कर छठ के प्रति सम्मान

शहनाज बेगम के लिए मिट्टी के चूल्हे बनाना महज रोजी-रोटी का जरिया नहीं है। वह छठ महापर्व की पवित्रता और परंपराओं का पूरा सम्मान करती हैं। उनका कहना है कि छठ पूजा में खरना का प्रसाद मिट्टी के चूल्हे पर बनाने की विशेष परंपरा है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए वह चूल्हे तैयार करने में पूरी सावधानी बरतती हैं।

शहनाज बताती हैं कि चूल्हे बनाने के दौरान पवित्रता का विशेष ध्यान रखती हैं। दिन में उपवास रखकर चूल्हे तैयार करती हैं और शाम को निरामिष भोजन ग्रहण करती हैं। दीपावली के बाद से ही उनके घर में निरामिष भोजन बनाया जाता है। यहां तक कि इस दौरान चप्पल का इस्तेमाल भी नहीं करती हैं। 

वह कहती हैं कि छठी मैया के प्रति उनके मन में गहरा सम्मान है। उनके हाथों से तैयार चूल्हे पर जब व्रती महिलाएं श्रद्धापूर्वक खरना का प्रसाद बनाती हैं तो उन्हें बेहद खुशी होती है।

200 से अधिक चूल्हे किया तैयार

इस वर्ष शहनाज बेगम ने अपनी बेटी के सहयोग से 200 से अधिक मिट्टी के चूल्हे तैयार किए हैं। इनमें अधिकांश की बिक्री हो चुकी है। चूल्हों को मजबूत बनाने के साथ उनके रंग-रोगन और सजावट पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। यही वजह है कि छठ व्रती महिलाएं इन्हें पसंद करती हैं। इस बार एक चूल्हे की कीमत 250 से 300 रुपये तक रखी गई है।

शहनाज बेगम के अनुसार, इस वर्ष मिट्टी और पुआल की कीमतों में वृद्धि होने से चूल्हे तैयार करने की लागत बढ़ गई है। इसके बावजूद उन्होंने वर्षों पुरानी इस परंपरा को जारी रखा है। छठ के नजदीक आते ही खरीदारों की संख्या बढ़ जाती है। कई महिलाएं पहले से ही चूल्हे खरीदने पहुंच जाती हैं।

पढ़ाई के साथ मां की मेहनत में बेटी का साथ

शहनाज बेगम की बेटी शबनम आरा स्थानीय कॉलेज में बीए पार्ट वन की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ वह छठ के अवसर पर मां के काम में पूरा सहयोग करती हैं। मिट्टी के चूल्हे तैयार करने, उन्हें सजाने और ग्राहकों को बेचने तक की जिम्मेदारी में हाथ बंटाती हैं। 

मां-बेटी मिलकर दिनभर मेहनत करती हैं, ताकि छठ व्रतियों को समय पर चूल्हे उपलब्ध हो सकें। शबनम के लिए यह मां का हाथ बंटाने के साथ परिवार की वर्षों पुरानी मेहनत और परंपरा को आगे बढ़ाने का भी अवसर है।

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा की मेची नदी पर छठ का अद्भुत संगम: पश्चिमी तट पर नेपाल और पूर्वी तट पर भारत के श्रद्धालु देते हैं अर्घ्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।