एयरपोर्ट जैसा दिखेगा गया जंक्शन, 300 करोड़ से हो रहा कायाकल्प; सुरक्षा के लिए पहुंची लगेज स्कैनर मशीन
गया जंक्शन को 300 करोड़ रुपये की लागत से एयरपोर्ट की तर्ज पर विश्वस्तरीय स्टेशन बनाया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

एयरपोर्ट जैसा दिखेगा गया जंक्शन (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
गया जंक्शन 300 करोड़ से बनेगा विश्वस्तरीय, एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगी अत्याधुनिक लगेज स्कैनर मशीन।
आधुनिक प्रवेश, निकास, एयर कॉनकोर्स से बदलेगा स्टेशन का स्वरूप।
जागरण संवाददाता, गयाजी। गया जंक्शन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने की कवायद तेज हो गई है। पुनर्निर्माण कार्य के साथ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में रेलवे ने कदम बढ़ाए हैं।
इसी कड़ी में यात्रियों के सामान की जांच के लिए लगेज स्कैनर मशीन गया जंक्शन पहुंच गई है। इसके माध्यम से स्टेशन परिसर में प्रवेश करने वाले यात्रियों के सामान की जांच की जाएगी।
विश्वस्तरीय स्वरूप देने की योजना पर चल रहा काम
आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था से स्टेशन पर सुरक्षा निगरानी मजबूत होगी। वहीं, पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गया जंक्शन की तस्वीर पूरी तरह बदलने की उम्मीद है। करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से गया जंक्शन को विश्वस्तरीय स्वरूप देने की योजना पर काम चल रहा है।
स्टेशन पर एयरपोर्ट जैसी यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके तहत आधुनिक प्रवेश और निकास व्यवस्था, विशाल एयर कॉनकोर्स, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। निर्माण कार्य में तेजी आने के साथ अब सुरक्षा व्यवस्था को भी आधुनिक बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
सामान की जांच से मजबूत होगी सुरक्षा
गया जंक्शन पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। यहां से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पटना, रांची और अन्य प्रमुख शहरों के लिए ट्रेनें गुजरती हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है।
लगेज स्कैनर मशीन से सामान की जांच होने पर बैग और सूटकेस के भीतर रखी वस्तुओं की स्क्रीनिंग की जा सकेगी। इससे प्रतिबंधित और संदिग्ध वस्तुओं की पहचान करने में सुरक्षा एजेंसियों को मदद मिलेगी। मशीन के संचालन और यात्रियों की जांच की प्रक्रिया शुरू होने के संबंध में रेलवे की ओर से विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से बदलेगा स्टेशन
गया जंक्शन के पुनर्विकास के तहत करीब 6400 वर्गमीटर क्षेत्र में विशाल एयर कानकोर्स विकसित किया जा रहा है। इससे यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने और स्टेशन परिसर में आवाजाही करने में सहूलियत मिलेगी।
इसके अलावा आधुनिक प्रतीक्षालय, एसी वेटिंग हॉल और यात्री सुविधाओं से जुड़े भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों को भी बेहतर स्वरूप दिया जा रहा है।
सुविधा के साथ सुरक्षा पर भी जोर
रेलवे का उद्देश्य केवल स्टेशन की इमारत को आधुनिक बनाना नहीं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना भी है। लगेज स्कैनर मशीन का पहुंचना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गया जंक्शन आधुनिक सुविधाओं, बेहतर यात्री प्रबंधन और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के साथ विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित होगा।
यह भी पढ़ें- ओडिशा से सासाराम लाखों का गांजा ले जा रही थी महिला तस्कर, गया जंक्शन पर RPF-GRP ने झोला खुलवाया तो उड़ गए होश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।