यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: जीतन राम मांझी लोकसभा चुनाव से पहले कभी भी मार सकते हैं पलटी- राजद नेता ने किया दावा
राजद के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी लोकसभा चुनाव से पहले कभी भी ...और पढ़ें

HighLights
- कभी भी महागठबंधन में आ सकते हैं मांझी- मृत्युंजय तिवारी
- पूर्व सीएम के बेटे संतोष सुमन ने दिया राजद प्रवक्ता के दावे पर जवाब
जागरण संवाददाता, गया। राजद के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी लोकसभा चुनाव से पहले कभी भी महागठबंधन में आ सकते हैं। यह दावा उन्होंने रविवार को शहर के राजद कार्यालय में प्रेस वार्ता में किया।
उन्होंने कहा कि जीतन राम मांझी का दिल अभी भी महागठबंधन की तरफ है। महागठबंधन में ही उन्हें सबसे अधिक सम्मान मिला है। नीतीश कुमार ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया, इससे बड़ी बात और क्या हो सकती है।
भले ही वे एनडीए में चले गए हों, लेकिन उनका दिल महागठबंधन की ही तरफ है। जीतन राम मांझी के पुत्र संतोष कुमार सुमन ने दस सीट की मांग की है। अगर एनडीए उन्हें दस सीट देता है तो इससे अच्छी बात और क्या हो सकती है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कि भाजपा अपने सहयोगी दलों को तोड़ने का काम करती है। इसका उदाहरण चिराग पासवान हैं। चिराग पासवान की पार्टी को उन्होंने तोड़ दिया। 22 जनवरी को घरों में दीया जलाने के आह्वान पर कहा कि आपको दिखाई नहीं देता, मैं माथे पर टीका लगाकर आया हूं।
मैं घर में दीया भी जलाता हूं। ऐसे में 22 जनवरी को ही दीया जलाने का क्या औचित्य है। भाजपा के लोग हिंदू के नाम पर केवल वोट लेना जानते हैं। श्रीराम मंदिर के नाम पर जमकर राजनीति हो रही है।
हम मजबूती के साथ एनडीए में हैं : डॉ. संतोष
हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने राजद के प्रदेश प्रवक्ता के बयान को दिग्भ्रमित करने वाला बताया है। कहा,
हम एनडीए गठबंधन में पूरी मजबूती के साथ हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश विकास कर रहा है। पार्टी विकास के साथ चलकर लोकसभा का चुनाव लड़ेगी।
डॉ. सुमन ने कहा कि राजद के प्रदेश प्रवक्ता का मन महागठबंधन से भर गया है। वे स्वयं एनडीए में आने का रास्ता ढूंढ रहे हैं।
