गया के पितृपक्ष मेले में सफाई के विशेष इंतजाम, पहली बार हाईटेक मशीन से चमकेंगे देवघाट और विष्णुपद मंदिर
गया नगर निगम ने पितृपक्ष मेले के दौरान पिंडदानियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने हेतु आधुनिक सफाई तकनीक अपनाई है।

मशीन का सुभारंभ करते नेता। फोटो जागरण
HighLights
पितृपक्ष मेले में आधुनिक सफाई तकनीक का उपयोग शुरू।
इलेक्ट्रिक लिटर पिकर वैक्यूम क्लीनर मशीन का शुभारंभ।
देवघाट और विष्णुपद मंदिर क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, गयाजी। पितृपक्ष मेला महासंगम के दौरान देश-विदेश से गयाजी पहुंच रहे पिंडदानियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए गया नगर निगम ने सफाई व्यवस्था में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
नगर निगम की ओर से इलेक्ट्रिक और प्रदूषण मुक्त लिटर पिकर वैक्यूम क्लीनर मशीन का शुभारंभ किया गया। इस मशीन का उपयोग विशेष रूप से देवघाट और विष्णुपद मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में सफाई के लिए किया जाएगा।
मशीन का शुभारंभ मेयर बीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ. गगन और पूर्व डिप्टी मेयर सह सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने नारियल फोड़कर और विधिवत पूजा-अर्चना कर किया।
मेयर ने बताया कि मशीन कम समय में अधिक क्षेत्र की सफाई करने में सक्षम है और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में इसकी अहम भूमिका होगी।
नो पॉल्यूशन-नो गारबेज
मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि यह मशीन पूरी तरह इलेक्ट्रिक है और बैटरी से संचालित होती है। इसके संचालन के दौरान किसी प्रकार का धुआं या प्रदूषण नहीं होता।
मशीन में अत्याधुनिक वैक्यूम सिस्टम लगाया गया है, जिसकी मदद से सड़क, घाट परिसर और मंदिर के आसपास पड़े कागज, पालीथिन, फूल-माला, छोटे-छोटे कचरे और अन्य बिखरे वेस्टेज को तेजी से उठाया जा सकेगा।
पितृपक्ष मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघाट और विष्णुपद मंदिर पहुंचते हैं। पूजा, तर्पण और पिंडदान के बाद घाटों पर कई तरह की पूजन सामग्री और अन्य अवशेष रह जाते हैं।
ऐसे में सफाईकर्मियों को हाथ से कचरा उठाने में काफी समय और मेहनत लगती है। नई मशीन के इस्तेमाल से इस काम में तेजी आएगी और सफाईकर्मियों को भी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- पितृपक्ष पर घर बैठे कर सकेंगे पिंडदान, QR कोड से मिलेंगे बिछड़े साथी... गयाजी में परंपरा और टेक्नॉलॉजी का संगम
