गयाजी में 30 नवंबर को 2 मिनट का ब्लैकआउट, सायरन बजते ही बंद होंगी बत्तियां
गयाजी में 30 नवंबर को संभावित हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए दो मिनट का ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित होगा।

गयाजी में 30 नवंबर को ब्लैक आउट। (फाइल फोटो)
HighLights
30 नवंबर को गया में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल।
शाम 7 से 7:02 बजे तक बत्तियां रहेंगी बंद।
हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने का अभ्यास।
जागरण संवाददाता, गयाजी। संभावित हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए 30 नवंबर को गया में ब्लैकआउट माक अभ्यास किया जाएगा।
इसके तहत गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्र में शाम सात बजे से 7:02 बजे तक दो मिनट के लिए सभी बत्तियां बंद रखी जाएंगी।
निर्धारित समय पर सायरन बजाकर ब्लैकआउट का संकेत दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने गांधी मैदान के आसपास स्थित मॉल, शोरूम, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सरकारी कार्यालयों और आवासीय भवनों के संचालकों के साथ आम नागरिकों से भी इस अभ्यास में सहयोग करने की अपील की है।
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देश पर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन एवं नगर पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठक हुई।
इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में निभाई जाने वाली भूमिका की जानकारी दी गई।
अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन ने वीडियो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों, कमान संरचना और आपातकालीन प्रतिक्रिया की प्रक्रिया समझाई।
खिड़की-दरवाजों से बाहर नहीं दिखनी चाहिए रोशनी
प्रशासन की ओर से निर्देश दिया गया है कि 30 नवंबर को शाम सात से 7:02 बजे तक गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्र में सभी प्रतिष्ठानों एवं घरों की लाइटें बंद रखी जाएं।
यदि किसी आवश्यक परिस्थिति में रोशनी का उपयोग करना अनिवार्य हो तो खिड़की और दरवाजों पर पर्दे लगाकर प्रकाश को कमरे के अंदर तक सीमित रखें, ताकि बाहर से रोशनी दिखाई नहीं दे।
घबराने की जरूरत नहीं, केवल अभ्यास
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल नागरिक सुरक्षा, प्रशिक्षण और जन-जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित मॉक अभ्यास है। इसका किसी वास्तविक हवाई हमले या आपात स्थिति से कोई संबंध नहीं है। इसलिए सायरन बजने पर आम नागरिक घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें।
अभ्यास के माध्यम से प्रशासन विभिन्न विभागों की तैयारी, आपसी समन्वय और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को परखेगा।
बैठक में अपर समाहर्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ अभ्यास को सफल बनाने का निर्देश दिया।
इस दौरान पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, विद्युत, अग्निशमन, एसडीआरएफ, जिला गृह रक्षा वाहिनी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बिहार में ₹250 करोड़ का निवेश करेगी गयाजी की कंपनी, 25 एकड़ में लगेगी फूड फैक्ट्री; मिलेंगे रोजगार के अवसर