बिहार में ₹250 करोड़ का निवेश करेगी गयाजी की कंपनी, 25 एकड़ में लगेगी फूड फैक्ट्री; मिलेंगे रोजगार के अवसर
प्रमोद मल्टीफूड प्राइवेट लिमिटेड बिहार में ₹250 करोड़ का निवेश कर अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर में एक अत्याधुनिक खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करेगी।

एआई के माध्यम से जेनरेट की गई इमेज।
HighLights
प्रमोद मल्टीफूड बिहार में ₹250 करोड़ का प्रस्तावित निवेश करेगी।
अमृतसर-कोलकाता कॉरिडोर में 25 एकड़ में फूड फैक्ट्री लगेगी।
परियोजना से बिहार में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, गयाजी। बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में गयाजी की खाद्य उत्पाद निर्माता कंपनी प्रमोद मल्टीफूड प्राइवेट लिमिटेड ने बड़ी पहल की है।
कंपनी बिहार में 250 करोड़ रुपये का प्रस्तावित निवेश करेगी। इसको लेकर गुरुवार को पटना के होटल मौर्या में बिहार सरकार के उद्योग विभाग के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कई मंत्री, उद्योग विभाग के अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
समझौते के तहत कंपनी अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर में अत्याधुनिक खाद्य प्रसंस्करण एवं उत्पाद निर्माण इकाई स्थापित करने की योजना बना रही है।

पटना में आयाेजित कार्यक्रम में प्रमोद मल्टीफूड के प्रतिनिधि प्रमोद कुमार भदानी। (सौ. स्वयं)
इसके लिए करीब 25 एकड़ जमीन पर फैक्ट्री विकसित करने की परिकल्पना है। यहां पैक्ड मसाले, नमकीन, बेकरी उत्पाद और मिठाइयों का उत्पादन किया जाएगा। आधुनिक मशीनरी, बेहतर पैकेजिंग और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के माध्यम से कंपनी अपने कारोबार का विस्तार करेगी।
इस अवसर पर कंपनी के प्रतिनिधि प्रमोद कुमार भदानी ने कहा कि गयाजी से शुरू हुई व्यावसायिक यात्रा अब बड़े औद्योगिक विस्तार की ओर बढ़ रही है। इस परियोजना का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि बिहार में रोजगार के नए अवसर पैदा करना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देना भी है।
परियोजना से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं, परिवहन कारोबार और सहायक उद्योगों को भी लाभ मिलेगा। प्रमोद ग्रुप के उत्पाद बिहार के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में पहुंच रहे हैं।