विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बैंकाक से हाइड्रोपोनिक गांजा लेकर पहुंची थाई महिला गया एयरपोर्ट में गिरफ्तार, इंटरनेशनल तस्करी का तीसरा मामला 

Published: Mon, 30 Nov 2026 12:52 AM (IST)

गया जी एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने दो करोड़ रुपये मूल्य के लगभग दो किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड्स के साथ थाईलैंड की एक महिला यात्री को हिरासत में लिया है।  

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. गया एयरपोर्ट पर दो करोड़ रुपये के हाइड्रोपोनिक वीड्स जब्त।

  2. थाईलैंड की महिला यात्री औराई कोसोन को हिरासत में लिया गया।

  3. पर्यटन सीजन में एयरपोर्ट पर नशीले पदार्थों की यह तीसरी बड़ी बरामदगी।

संवाद सहयोगी, बोधगया। गया जी एयरपोर्ट पर नशीले पदार्थों की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को कस्टम विभाग की टीम ने दो करोड़ रुपये मूल्य के करीब दो किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड्स के साथ थाईलैंड की एक महिला यात्री को हिरासत में लिया है।

हिरासत में ली गई महिला की पहचान थाईलैंड निवासी औराई कोसोन के रूप में की गई है। वह बैंकाक से थाई एयरवेज की उड़ान से गया जी एयरपोर्ट पहुंची थी।

जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट पर लगे लेगेज स्कैनर से सामान की जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों को नशीले पदार्थ होने का संदेह हुआ। इसके बाद महिला यात्री को अलग ले जाकर उसके सामान की गहन तलाशी ली गई।

जांच के दौरान बेहद सावधानी से छिपाकर रखे गए करीब दो किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड्स बरामद किए गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी गई है।

बरामदगी के बाद सुरक्षा अधिकारियों ने कस्टम विभाग को सूचना दी। कस्टम अधिकारियों ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गया जी एयरपोर्ट से पर्यटन सीजन में तस्करी का तीसरी बड़ी बरामदगी

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के परिचालन के बीच गया जी एयरपोर्ट पर हाइड्रोपोनिक वीड्स की तस्करी का यह तीसरा बड़ा मामला है। तीनों मामलों में अब तक करीब 14.5 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं।

इससे पहले करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य के हाइड्रोपोनिक वीड्स के साथ पंजाब की दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया था। इसके बाद 2.5 करोड़ रुपये की खेप के साथ कोलकाता के एक युवक और महाराष्ट्र की एक महिला को पकड़ा गया था।

अब रविवार को थाईलैंड की महिला के पास से दो करोड़ रुपये मूल्य का नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। खास बात यह है कि तीनों ही मामलों में तस्कर बैंकाक से गया जी एयरपोर्ट पहुंचे थे।

लगातार हो रही बरामदगी से यह आशंका गहराने लगी है कि अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए गया जी एयरपोर्ट को ट्रांजिट प्वाइंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।

गया जी एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों के लिए बढ़ी चुनौती

गया जी एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और जांच की कई प्रक्रियाओं के बावजूद लगातार नशीले पदार्थों की बरामदगी सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।

पर्यटन सीजन में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ने के साथ तस्करी के ऐसे मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था को और सतर्क रहने की जरूरत पैदा कर दी है।

लगातार तीसरी बरामदगी के बाद एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। अब जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल में जुटी हैं कि इन मामलों के पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

यह भी पढ़ें- बिहार सरकार के हाइवे और पुलों पर जनवरी से लगेगा टोल टैक्स, लेन के हिसाब से होगी वसूली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।