गयाजी एयरपोर्ट से हवाई सफर हुआ महंगा, दिल्ली का किराया 15000 के पार
दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान गयाजी एयरपोर्ट से हवाई यात्रा महंगी हो गई है।

त्योहारों पर महंगी हुई फ्लाइट।
HighLights
दुर्गापूजा, दीपावली, छठ पर गयाजी एयरपोर्ट से हवाई किराया बढ़ा।
दिल्ली, कोलकाता उड़ानों का किराया सामान्य से दोगुना हुआ।
सीमित विमान सेवाओं और बढ़ती मांग से यात्री परेशान।
संवाद सूत्र, बोधगया। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान हवाई सफर करने वाले यात्रियों को इस बार अपनी जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी।
गयाजी एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता आने-जाने वाली उड़ानों का किराया सामान्य दिनों की तुलना में दोगुने से भी अधिक पहुंच गया है।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सीमित विमान सेवाओं के कारण हवाई टिकटों की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है।
इसका सीधा असर बिहार से आने वाले प्रवासियों, पर्यटकों और पर्व समाप्त होने के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है। त्योहार में दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहारवासियों की घर वापसी बढ़ जाती है।
बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए विदेशी पर्यटकों एवं बौद्ध श्रद्धालुओं का आगमन भी बढ़ जाता है।
हालांकि, विमान टिकटों का किराया स्थायी नहीं होता है। यात्रियों की मांग, सीटों की उपलब्धता और बुकिंग के समय के अनुसार कीमतों में उतार-चढ़ाव होता रहता है। इसलिए यात्रा की तारीख नजदीक आने पर किराया और बढ़ भी सकता है या घट भी सकता है।
गयाजी एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की शुक्रवार शाम की उड़ान का किराया बढ़कर 15,776 रुपये तक पहुंच गया है। जबकि सामान्य दिनों में इसी उड़ान से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को करीब छह से सात हजार रुपये खर्च करने पड़ते थे।
इसी तरह गयाजी से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की शनिवार यानी आज की उड़ान का किराया भी करीब नौ हजार रुपये तक पहुंच गया है।
सामान्य दिनों में इस रूट का किराया लगभग चार से पांच हजार रुपये के बीच रहता था। इस तरह त्योहारों के दौरान गयाजी एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता जाने वाले यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुना या उससे अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है। यही स्थिति दूसरे शहरों से गयाजी आने वाले यात्रियों के सामने भी है।
दिल्ली से गयाजी आने का किराया 14000 तक
दीपावली के एक दिन पहले पांच नवंबर को दिल्ली से गयाजी आने वाले यात्रियों को भी महंगे हवाई सफर का सामना करना पड़ेगा।
एयर इंडिया की सुबह की उड़ान से दिल्ली से गयाजी आने के लिए करीब 10,500 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं। इंडिगो की उड़ान का किराया लगभग 11 हजार रुपये तक पहुंच सकता है।
एयर इंडिया की दोपहर की उड़ान से गयाजी आने के लिए यात्रियों को करीब 14 हजार रुपये तक भुगतान करना पड़ सकता है। इस वर्ष 13 से 16 नवंबर तक छठ महापर्व है।
छठ समाप्त होने के बाद 17 नवंबर को गयाजी एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को महंगा टिकट लेना पड़ सकता है। इंडिगो की शाम पांच बजे वाली उड़ान का किराया करीब 15,205 रुपये बताया जा रहा है। एयर इंडिया की शाम 4:50 बजे वाली उड़ान का किराया भी लगभग 15,200 रुपये तक पहुंचने की संभावना है।
एक ही एयरलाइन के संचालन से बढ़ रही परेशानी
गयाजी एयरपोर्ट से फिलहाल सीमित घरेलू विमान सेवाओं का संचालन भी किराये में बढ़ोतरी की एक वजह माना जा रहा है।
बोधगया ट्रैवल एसोसिएशन के निदेशक संदीप कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान गयाजी आने और यहां से दूसरे शहरों के लिए रवाना होने वाले यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में दोगुने से भी अधिक किराये का भुगतान करना पड़ता है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
वहीं, गयाजी एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि प्रत्येक वर्ष त्योहारों के दौरान विमान किराये में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। हालांकि, टिकटों की कीमतों और किराया निर्धारण से संबंधित विस्तृत जानकारी एयरलाइंस के अधिकारी ही दे सकते हैं।
