राजधानी एक्सप्रेस में 2 बैग से मिला 15 KG गांजा, गया जंक्शन से 26 साल की लड़की गिरफ्तार
गया जंक्शन पर तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 15.82 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 7.91 लाख रुपये है। ...और पढ़ें
HighLights
गया जंक्शन पर तेजस राजधानी एक्सप्रेस से गांजा बरामद।
15.82 किलो गांजा जब्त, कीमत 7.91 लाख रुपये।
एक महिला यात्री गिरफ्तार, आगे की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, गयाजी। ऑपरेशन नारकोस के तहत आरपीएफ और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने गया जंक्शन पर रविवार की रात बड़ी कार्रवाई की। भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 15.822 किलो गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 7,91,100 रुपए बताई गई है। मामले में एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया गया है।
आरपीएफ के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट गया प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव एवं अपराध आसूचना शाखा गया के दिशा-निर्देश पर सुरक्षा बलों की टीम गया जंक्शन के क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 22811 अप भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस के गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंचने पर एक महिला यात्री के पास मादक पदार्थ मौजूद है।
राजधानी के कोच ए-3 की जांच
सूचना के आधार पर ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने के बाद कोच संख्या ए-3 में जांच की गई। संबंधित महिला की पहचान 26 वर्षीय मीणा कुमारी, पिता गंगा दास, निवासी मंदिर के पास गोबरडीहा, पोस्ट नैली, थाना खिजरसराय, गया के रूप में हुई। वह जाजपुर क्योंझर रोड, ओडिशा से दिल्ली की यात्रा कर रही थी।
पिट्टू बैग और ट्रॉली बैग से 15.822 KG ड्रग्स बरामद
आरपीएफ टीम ने महिला के पास मौजूद एक पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग की जांच की। दोनों बैग से कुल 15 बंडलों में रखा 15.822 किलो गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेसुब गया की मौजूदगी में नियमानुसार की गई। महिला को महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में गिरफ्तार किया गया।
आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बताया कि गांजा जाजपुर क्योंझर रोड से लेकर ट्रेन के माध्यम से दिल्ली ले जा रही थी। मामले में पीएनआर संख्या 6709483397 के आधार पर यात्रा संबंधी जानकारी भी जुटाई गई।
प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने प्राथमिकी सहित संबंधित दस्तावेज और गिरफ्तार महिला को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी गया को सुपुर्द कर दिया। मामले की आगे जांच की जा रही है।
कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट गया के सअनि रणधीर कुमार, प्रधान आरक्षी वशिष्ट यादव, प्रधान आरक्षी सचिन्द्र कुमार, आरक्षी विकास कुमार व आरक्षी कुमार नरेंद्र, अपराध आसूचना शाखा के प्रधान आरक्षी सर्वजीत राय व आरक्षी दीपक ओझा, सीपीडीएस गया के उनि मुकेश कुमार व आरक्षी अमित कुमार तथा राजकीय रेल थाना गया की इसरत बानो और पीटीसी शामिल थीं।
