विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gaya News : गया में भाजपा के पूर्व विधायक का निधन; 12 बजे होगा अंतिम संस्कार, पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया दुख

By Jagran NewsEdited By: Yogesh Sahu
Published: Wed, 04 Oct 2023 09:54 AM (IST)

Gaya News बिहार के गया जिले में गुरुआ विधानसभा के पूर्व विधायक राजीव नंदन दांगी का मंगलवार देर रात निधन ...और पढ़ें

Gaya News : गया में भाजपा के पूर्व विधायक राजीव नंदन दांगी का निधन।
Gaya News : गया में भाजपा के पूर्व विधायक राजीव नंदन दांगी का निधन।

HighLights

  1. गुरुआ विधानसभा के पूर्व विधायक थे राजीव नंदन दांगी
  2. पटना स्थित अस्पातल में चल रहा था दांगी का इलाज

जागरण संवाददाता, गया। गया जिले के गुरुआ विधानसभा के पूर्व विधायक राजीव नंदन दांगी का पटना स्थित पारस अस्पताल में मंगलवार की देर रात निधन हो गया। वह मूल रूप से टिकारी के गुलारियाचक गांव के रहने वाले थे।

वह भाजपा के टिकट पर गुरुआ विधानसभा से चुनाव जीते थे। पूर्व विधायक का पार्थिव शरीर पटना पारस अस्पताल से भाजपा प्रदेश कार्यालय ले जाया जाएगा। जहां से सड़क मार्ग होते हुए गया जिला भाजपा कार्यालय पहुंचेगा। यहां पार्टी के नेता व कार्यकर्ता उन्हें अंतिम विदाई देंगे।

दोपहर 12 बजे होगा अंतिम संस्कार

इसके बाद गया शहर के पंचकुटी स्थित निवास स्थान पर आमजनों व परिजनों के लिए अंतिम दर्शनों के लिए पार्थिव शरीर को रखा जाएगा। अंतिम यात्रा बुधवार दोपहर 12:00 बजे पंच कुटी निवास स्थान से निकलेगी।

अंतिम यात्रा विष्णुपद स्थित श्मशान घाट पहुंचेगी। वहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व विधान परिषद कृष्ण कुमार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम प्रकाश चिंटू, धनराज शर्मा, जिला उपाध्यक्ष योगेश कुमार एवं जिला मीडिया प्रभारी संतोष ठाकुर ने उनके आकस्मिक निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है।

नेताओं ने कहा कि वह प्रखर नेता थे। बेबाक तरीके से अपनी बातों को सड़क से लेकर सदन तक रखते थे। ईश्वर उन्हें शांति प्रदान करें और परिवार को दुख सहने की शक्ति दे। वे गुरुआ में 2015 से 2020 तक विधायक रहे। वह दो भाइयों में छोटे भाई थे। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।

पूर्व विधायक राजीव नंदन दांगी। फाइल फोटो

यह भी पढ़ें : दुर्गा पूजा से पहले खुशखबरी : राजगीर के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू, अब भागलपुर होकर चलेगी पटना-बनारस जनशताब्दी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक प्रकट किया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुआ के पूर्व विधायक राजीव नंदन के निधन पर शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि राजीव नंदन एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे।

उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने राजीव नंदन के छोटे भाई मनीष कुमार से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

पूर्व सीएम मांझी ने जताया शोक

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भाजपा के पूर्व विधायक दांगी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर शोक जताते हुए लिखा कि गुरूआ के पूर्व विधायक राजीव नंदन दांगी के निधन की सूचना से आहत हूं। उनके निधन से राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

यह भी पढ़ें : लालू यादव पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी के साथ कोर्ट पहुंचे, नौकरी के बदले जमीन मामले में होंगे पेश