सोने का 1 ग्राम सिक्का ₹14400 का, कांसा ₹2800 किलो; फिर भी धनतेरस पर गयाजी में रिकॉर्ड टूटने का अनुमान
गया में धनतेरस के लिए बाजार पूरी तरह तैयार है, जहां सोने-चांदी, बर्तनों और इलेक्ट्रॉनिक सामान की अच्छी मांग की उम्मीद है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
गया में धनतेरस के लिए बाजार पूरी तरह सजकर तैयार।
सोने, चांदी, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की भारी मांग।
महंगाई के बावजूद रिकॉर्ड तोड़ बिक्री की उम्मीद कारोबारियों को।
जागरण संवाददाता, गयाजी। धनतेरस को लेकर बाजार पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है। दुकानदारों ने विशेष तैयारी की है। क्योंकि धनतेरस शुक्रवार का है।
शहर के टावर चौक, लहेरिया टोला, केपी रोड, शहीद रोड, बजाजा रोड, रमना रोड और जीबी रोड की दुकानें ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के सामान से सजाई गई हैं।
कहीं पीतल, कांसा, तांबा और स्टील के बर्तनों की चमक दिखाई दे रही है तो कहीं सोने-चांदी के सिक्के ग्राहकों को लुभा रहे हैं।
वहीं इलेक्ट्रिक सामान, मोबाइल, एलईडी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और इलेक्ट्रिक बाइक की भी खूब मांग रहने की उम्मीद है। कारोबारियों को विश्वास है कि महंगाई के बावजूद इस बार धनतेरस पर बाजार में अच्छी रौनक रहेगी।
इस बार भी बर्तन कारोबारियों ने ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए पीतल, कांसा, तांबा और स्टील के बर्तनों का पर्याप्त स्टॉक मंगाया है।
टावर चौक, लहेरिया टोला और केपी रोड स्थित बर्तन की दुकानें सजकर तैयार हैं। चम्मच, कटोरी, गिलास, थाली, कुकर, कड़ाही, बाल्टी, जग और भगोना जैसे सामान की विशेष मांग रहती है।
हालांकि, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बर्तनों के दाम में 300 से 400 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। पीतल का बर्तन 1100 से 1350 रुपये प्रति किलो, कांसे का बर्तन 1380 से 2800 रुपये प्रति किलो और तांबे का बर्तन 1800 से 2200 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
कई दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष छूट भी दे रहे हैं। बर्तन व्यवसायी संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार ताम्रकार ने बताया कि धनतेरस और छठ को लेकर लोग बर्तनों की खरीदारी करते हैं।
इस दौरान ग्राहक मोलभाव से अधिक गुणवत्ता पर भरोसा करते हैं। महंगाई के बावजूद बाजार में अच्छी बिक्री की उम्मीद है। इस बार बर्तन बाजार में 10 से 12 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।
सोने-चांदी के सिक्कों की खनक से गुलजार होगी सराफा मंडी
धनतेरस को लेकर सराफा मंडी में भी रौनक बढ़ गई है। शहीद रोड, बजाजा रोड, रमना रोड और जीबी रोड की ज्वेलरी दुकानों में सोने-चांदी के सिक्कों की विभिन्न डिजाइन उपलब्ध कराई गई हैं।
सोने की कीमत 1.40 लाख से 1.44 लाख रुपये प्रति दस ग्राम तक पहुंच गई है। बाजार में एक ग्राम से लेकर दस ग्राम तक के सोने के सिक्के उपलब्ध हैं। एक ग्राम सोने के सिक्के की कीमत करीब 14,400 रुपये और दस ग्राम के सिक्के की कीमत 1.44 लाख रुपये है।
वहीं, चांदी के पुराने सिक्के 2600 रुपये और नए सिक्के करीब 2100 रुपये में उपलब्ध हैं। जीबी रोड के ज्वेलरी विक्रेता विश्वनाथ प्रसाद ने बताया कि धनतेरस को लेकर सोने और चांदी के कई तरह के सिक्के मंगाए गए हैं। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए अलग-अलग वजन और डिजाइन के सिक्के उपलब्ध हैं।
इलेक्ट्रिक सामान और बाइक की खरीदारी पर रहेगा जोर
धनतेरस पर इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक सामान के बाजार में भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। शहर के विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक शोरूम एलईडी टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और मोबाइल से सज गए हैं।
बाजार में एक लाख से 1.20 लाख रुपये तक की एलईडी टीवी खरीदारी के लिए उपलब्ध है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक बाइक की भी मांग बढ़ रही है।
पेट्रोल की बढ़ती कीमत और पर्यावरण के प्रति जागरूकता के कारण लोग इलेक्ट्रिक बाइक को प्राथमिकता दे रहे हैं। कई कंपनियों के शोरूम में ग्राहकों ने पहले से ही वाहनों की बुकिंग करा रखी है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस पर दोपहिया वाहनों की बिक्री में तेजी आएगी।
इस बार धनतेरस महीने के पहले सप्ताह में पड़ने से बाजार को फायदा मिलने की उम्मीद है। नौकरीपेशा लोगों के हाथ में वेतन रहने के कारण खरीदारी का उत्साह बढ़ेगा। सबसे अधिक बिक्री बर्तन और दोपहिया वाहनों की होने की संभावना है। धनतेरस पर बाजार में करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है।
प्रमोद कुमार भदानी, अध्यक्ष चैंबर ऑफ कामर्स
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।