गया में 24 लाख के अमृत सरोवरों का बुरा हाल: एक में गिर रहा 4 नालों का गंदा पानी, दूसरा बरसात के बाद ही सूखा
मोहनपुर प्रखंड में लाखों की लागत से बने अमृत सरोवरों की स्थिति खराब है; एक गंदे पानी से दूषित है, तो दूसरा बरसात के बाद सूख गया है।

अमृत सरोवरों का बुरा हाल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
बगुला सरोवर में चार नालों का गंदा पानी गिर रहा।
अमहना सरोवर लाखों खर्च के बावजूद बरसात बाद सूखा।
दोनों सरोवरों से जल संरक्षण का उद्देश्य अधूरा रहा।
संवाद सूत्र, मोहनपुर (गया)। जल संरक्षण, भू-जल स्तर में सुधार और ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मनरेगा के तहत बनाए गए अमृत सरोवरों की स्थिति मोहनपुर प्रखंड में ठीक नहीं है। बगुला गांव में लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए सरोवर में चार सरकारी नालों का गंदा पानी गिरने से वह दूषित हो गया है।
वहीं, अमहना गांव में 8.83 लाख रुपये की लागत से बना अमृत सरोवर बरसात के बाद ही सूख गया। दोनों योजनाओं पर सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद जल संरक्षण का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है।
चार नालों का गंदा पानी गिरने से फैली दुर्गंध
बगुला गांव में वर्ष 2022 में मनरेगा के तहत अमृत सरोवर का निर्माण कराया गया था। निर्माण के बाद इसमें स्वच्छ पानी जमा था और आसपास पौधारोपण कराया गया था। इससे गांव का वातावरण सुंदर बना हुआ था। बाद में सरकारी राशि से बनाए गए चार नालों को सरोवर से जोड़ दिया गया।
नालों का गंदा पानी सीधे तालाब में गिरने लगा। इससे पानी दूषित हो गया और आसपास दुर्गंध फैलने लगी। हवा चलने पर बदबू घरों तक पहुंचती है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी होती है।
8.83 लाख रुपये की लागत से निर्मित अमृत सरोवर
निर्माण कार्य एवं मुखिया प्रतिनिधि रामवृक्ष प्रसाद ठाकुर ने बताया कि सरोवर बनने के समय पानी स्वच्छ था। पौधारोपण से आसपास का वातावरण भी सुंदर बनाया गया था। बाद में चार नालों का पानी गिरने से इसकी स्थिति खराब हो गई।
अमहना गांव में 8.83 लाख रुपये की लागत से निर्मित अमृत सरोवर जल संचयन में कारगर साबित नहीं हो रहा है। बारिश के दौरान इसमें पानी जमा होता है, लेकिन कुछ समय बाद ही तालाब सूख जाता है। इससे गर्मी के दिनों में ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पाता।
जून 2027 तक होगा जीर्णोद्धार : पीओ
मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि दोनों अमृत सरोवर पुरानी योजना के हैं। पदभार संभालने के बाद उन्हें इनकी स्थिति की जानकारी मिली है। एक सरोवर सूखा है, जबकि दूसरे में नालों का पानी गिर रहा है। जून 2027 तक दोनों सरोवरों को नए स्वरूप में विकसित कर बेहतर तरीके से काम कराया जाएगा।
अमृत सरोवर निर्माण के आंकड़े
बगुला अमृत सरोवर
- निर्माण वर्ष : 2022
- पूर्ण व्यय : 15,11,481 रुपये
- अकुशल कार्य दिवस : 7,050
- मानव दिवस सृजन : 140
अमहना अमृत सरोवर
- निर्माण वर्ष : 2022
- पूर्ण व्यय : 8,83,050 रुपये
- अकुशल कार्य दिवस : 4,200
- मानव दिवस सृजन : 88
दोनों सरोवरों का कुल पूर्ण व्यय : 23,94,531 रुपये
यह भी पढ़ें- गया में बिछेगी 191 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, 46 हजार घरों तक पहुंचेगा शुद्ध गंगाजल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।