गया में बिछेगी 191 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, 46 हजार घरों तक पहुंचेगा शुद्ध गंगाजल
बुडको गया में जलापूर्ति योजना के तीसरे चरण की तैयारी कर रहा है, जिसमें 191 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी और छह नई जलमीनारें बनेंगी।

एआई से बनाई गई तस्वीर
HighLights
191 किलोमीटर नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी शहर में।
छह नई जलमीनारों का निर्माण होगा जलापूर्ति हेतु।
44,860 नए घरों को मिलेगा शुद्ध गंगाजल का कनेक्शन।
जागरण संवाददाता, गयाजी। शहरवासियों को शुद्ध और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में बुडको की ओर से जलापूर्ति योजना के तीसरे फेज की तैयारी तेज कर दी गई है।
इसके तहत शहर में 191 किलोमीटर पाइपलाइन का विस्तार किया जाएगा। साथ ही छह नई जलमीनारों का निर्माण भी कराया जाएगा। इस योजना के पूरा होने से शहर के 44,860 नए घरों को गंगाजल का कनेक्शन मिलेगा।
खासकर शहर के उन नए बसावट वाले मोहल्लों में रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी, जहां अभी तक पाइपलाइन से जलापूर्ति की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
शहर में गंगाजल की आपूर्ति को लेकर पहले और दूसरे फेज का काम पूरा हो चुका है। इसके माध्यम से वर्तमान में 71 हजार घरों तक गंगाजल पहुंचाया जा रहा है।
वहीं, तीसरे फेज के तहत जलापूर्ति व्यवस्था का विस्तार करने के लिए बुडको की ओर से सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। सर्वे के आधार पर प्राक्कलन भी तैयार कर लिया गया है।
योजना के क्रियान्वयन के लिए राशि आवंटन को लेकर प्राक्कलन सरकार के पास भेजा गया है। सरकार से राशि उपलब्ध होने के बाद तीसरे फेज का काम शुरू कर दिया जाएगा।
पाइपलाइन के साथ बनेंगे छह जलमीनार
तीसरे फेज की योजना के तहत शहर में कुल 191 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही छह नई जलमीनारों का निर्माण कराया जाएगा।
जलमीनारों में पहले गंगाजल का भंडारण किया जाएगा। इसके बाद पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पानी की आपूर्ति होगी।
जलमीनारों के निर्माण से नियमित जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही पानी के दबाव और आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
नया बसावट वाले क्षेत्र में पहली प्राथमिकता
तीसरे फेज में 44,860 घरों को जलापूर्ति का कनेक्शन देने की योजना है। इसमें मुख्य रूप से शहर के विस्तारित क्षेत्रों और नए बसावट वाले मोहल्लों को शामिल किया गया है।
इन क्षेत्रों में तेजी से मकानों का निर्माण हुआ है और बड़ी आबादी रहने लगी है, लेकिन पाइपलाइन का विस्तार नहीं होने के कारण लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ती है।
कई मोहल्लों में लोग निजी बोरिंग और अन्य जलस्रोतों पर निर्भर हैं। तीसरे फेज का काम पूरा होने के बाद ऐसे मोहल्लों के लोगों को भी घर तक गंगाजल उपलब्ध हो सकेगा।
योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार और जलापूर्ति कनेक्शन देने के साथ ही घरों में वाटर मीटर भी लगाए जाएंगे। इससे घरों में होने वाली पानी की खपत का हिसाब रखा जा सकेगा।
प्रतिदिन 80 एमएलडी गंगाजल की हो रही आपूर्ति
शहर में पहले और दूसरे फेज का काम पूरा होने के बाद वर्तमान में करीब 71 हजार घरों तक गंगाजल पहुंचाया जा रहा है। इन घरों में प्रतिदिन लगभग 80 मिलियन लीटर गंगाजल की आपूर्ति की जा रही है।
तीसरे फेज का काम पूरा होने के बाद जलापूर्ति का दायरा और बढ़ जाएगा। इससे शहर के विस्तारित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।
जलापूर्ति को लेकर तीसरे फेज का सर्वे पूरा हो गया है। प्राक्कलन तैयार कर राशि आवंटन के लिए सरकार को भेजा गया है। राशि उपलब्ध होने के बाद पाइपलाइन विस्तार और अन्य निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। -नील कुमार, परियोजना निदेशक, बुडको