पूर्वी चंपारण : तियर नदी में डूबने से इंटर छात्र और सात वर्षीय बच्चे की मौत
मोतिहारी की तियर नदी में नहाते समय दो अलग-अलग घटनाओं में एक इंटर छात्र और एक सात वर्षीय बच्चे की ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
तियर नदी में नहाते समय दो अलग-अलग घटनाएं हुईं।
इंटर छात्र गोलू कुमार और सात वर्षीय रूद्रकांत की मौत।
दोनों शव बरामद, परिवारों में गहरा मातम पसरा।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। तियर नदी में स्नान करना लखौरा के दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का गम दे गया। अलग-अलग घटनाओं में नदी में डूबने से इंटर के छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में मठिया भोपतपुर निवासी राजनारायण राम का 20 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार और लखौरा बिचला टोला निवासी चंदेश्वर प्रसाद का सात वर्षीय पुत्र रूद्रकांत कुमार शामिल हैं।
दोनों घटनाओं के बाद गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मठिया भोपतपुर निवासी गोलू कुमार अपने दोस्त रिशू कुमार के साथ तियर नदी में स्नान करने गया था।
स्नान के दौरान गोलू गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। उसके साथ मौजूद रिशू को ग्रामीणों ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गोलू के डूबने की खबर मिलते ही स्वजन और ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और उसकी तलाश शुरू कर दी।
काफी खोजबीन के बाद रविवार की अलसुबह नदी से गोलू का शव बरामद किया गया। दूसरी घटना लखौरा के बिचला टोला की है। सात वर्षीय रूद्रकांत भी अन्य बच्चों के साथ तियर नदी में स्नान करने गया था। उसके साथ गए दो बच्चे वापस घर लौट आए, लेकिन रूद्रकांत नहीं पहुंचा।
इसके बाद स्वजन और ग्रामीणों ने नदी के आसपास उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और नदी में सर्च आपरेशन चलाया।
काफी मशक्कत के बाद त्रिमुहान घाट के पास से रूद्रकांत का शव बरामद किया गया। दोनों शवों के बरामद होने की सूचना मिलते ही स्वजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। कुछ ही घंटों में दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं।
लखौरा थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिए गए।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में दाह संस्कार के बाद नहाना बना अखिलेश की जिंदगी का आखिरी सफर, दो बेटों के सिर से उठा साया
यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी में जिउतिया स्नान के दौरान तालाब में डूबी युवती, मां की आंखों के सामने हुआ हादसा
