विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में दाह संस्कार के बाद नहाना बना अखिलेश की जिंदगी का आखिरी सफर, दो बेटों के सिर से उठा साया

By Mrityunjay BhardwajEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 04 Oct 2026 04:14 PM (IST)

दरभंगा में एक युवक अखिलेश कुमार की दाह संस्कार के बाद जीवछ कमला नदी में नहाते समय डूबने से मौत ...और पढ़ें

अखिलेश की फाइल फोटो।

अखिलेश की फाइल फोटो।

HighLights

  1. अखिलेश दाह संस्कार के बाद जीवछ कमला नदी में नहाने गए।

  2. नदी में डुबकी लगाने के बाद वह दोबारा बाहर नहीं आए।

  3. 24 घंटे बाद शव बरामद, दो मासूम बेटों ने पिता खोया।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। चाचा के अंतिम संस्कार में शामिल होकर अखिलेश ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि नदी में नहाने का यह उसका आखिरी सफर होगा।

दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह अन्य लोगों के साथ जीवछ कमला नदी में नहाने उतरा। पानी में डुबकी लगाने के बाद वह दोबारा ऊपर नहीं आया। करीब 24 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद रविवार को उसका शव बरामद हुआ। घटना के बाद काकरघाटी गांव में मातम पसरा है।

डुबकी लगाने के बाद नहीं आया ऊपर

काकरघाटी निवासी राजेंद्र यादव का पुत्र अखिलेश कुमार (26) शनिवार को गांव के ही एक चाचा के दाह संस्कार में शामिल हुआ था। अंतिम संस्कार के बाद वह अन्य लोगों के साथ जीवछ कमला नदी में नहाने गया। अखिलेश ने नदी में डुबकी लगाई, लेकिन इसके बाद वह बाहर नहीं आया। आसपास मौजूद लोगों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम को नदी में उतारा गया। टीम ने शनिवार से लगातार युवक की तलाश शुरू की। करीब 24 घंटे के अभियान के बाद रविवार दोपहर लगभग 12:30 बजे अखिलेश का शव नदी से बरामद किया गया।

दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। अखिलेश गांव में ही किराना की दुकान चलाता था। परिवार में पत्नी के अलावा पांच और दो वर्ष के दो पुत्र हैं। पिता की अचानक मौत से दोनों मासूमों के सिर से साया उठ गया।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

अखिलेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

यह भी पढ़ें- गौनाहा में हड़बोड़ा नदी में डूबे छात्र का 22 घंटे बाद मिला शव, बार-बार बेहोश हो रही मां