रक्सौल से चरस लेकर निकला तस्कर सुगौली में फंसा, एक की निशानदेही पर दो और गिरफ्तार
रक्सौल से चरस लेकर सुगौली पहुंचा एक तस्कर पुलिस की गिरफ्त में आ गया, जिससे 1.970 किलोग्राम चरस बरामद हुई। ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित तस्कर।
HighLights
सुगौली में 1.970 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार।
गिरफ्तार तस्कर की निशानदेही पर दो अन्य सहयोगी पकड़े गए।
एसटीएफ की गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल।
संवाद सहयोगी, सुगौली (पूर्वी चंपारण)। रक्सौल से चरस की खेप लेकर निकला तस्कर सुगौली पहुंचते ही पुलिस के जाल में फंस गया। बंगरा ओवरब्रिज के पास पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने खदेड़कर उसे दबोच लिया।
उसके पास मिले झोले की तलाशी ली गई तो चार पैकेट में 1.970 किलोग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की तो तस्करी के नेटवर्क से जुड़े दो और लोगों के नाम सामने आए। पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ की सूचना पर बिछाया जाल
एसटीएफ नारकोटिक्स सेल, पटना से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर रक्सौल से निकला है। उसे सुगौली ओवरब्रिज के रास्ते स्टेशन की ओर जाना है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए सदर वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस को देखते ही भागने लगा तस्कर
पुलिस टीम ने बंगरा ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसके पास मौजूद झोले की बीडीओ की मौजूदगी में तलाशी ली गई। इसमें चार पैकेट में रखा 1.970 किलोग्राम चरस जैसा पदार्थ मिला।
पूछताछ में खुले दो और नाम
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राजेपुर थाना क्षेत्र के नयका टोला निवासी 35 वर्षीय गुड्डू साह के रूप में हुई। उससे गहन पूछताछ की गई तो पश्चिमी चंपारण के सिकटा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में रह रहे नेपाल के बीरगंज स्थित गंडक चौक निवासी रामबालक बैठा और पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन थाना क्षेत्र के महुआई निवासी धोड़ा राय के नाम सामने आए। पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।
दो मोबाइल और तीन नेपाली सिम जब्त
पुलिस ने तीनों आरोपितों के पास से दो मोबाइल और तीन नेपाली सिम कार्ड जब्त किए हैं। इनसे पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस आगे भी छापेमारी कर रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।