National School Games 2026: थांग-ता प्रतियोगिता में चमके पूर्वी चंपारण के लाल, जीते दो रजत और एक कांस्य
पूर्वी चंपारण के तीन युवा खिलाड़ियों ने 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में थांग-ता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो ...और पढ़ें
-1794217797368_m.webp)
HighLights
पूर्वी चंपारण के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय थांग-ता में जीते पदक।
नीतीश और जितेश ने रजत, रोशन ने कांस्य पदक जीता।
यह उपलब्धि जिले और बिहार के लिए गर्व का क्षण।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Thang Ta Championship: राष्ट्रीय स्तर पर पूर्वी चंपारण के युवा खिलाड़ियों ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है।
नई दिल्ली के त्यागराज खेल परिसर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 में जिले के तीन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार की झोली में दो रजत और एक कांस्य पदक डाला है। इस उपलब्धि से पूरे खेल जगत में खुशी की लहर है।
तीन खिलाड़ियों ने जीते पदक
प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच आयोजित हुई थी। सीनियर वर्ग के 70 किलोग्राम भार वर्ग में 19 वर्षीय नीतीश कुमार ने बेहतरीन दांव-पेंच दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा 52 किलोग्राम भार वर्ग में 14 वर्षीय जितेश कुमार ने भी रजत पदक जीता। वहीं, 56 किलोग्राम भार वर्ग में रोशन कुमार ने शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक देश और राज्य के नाम किया।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर जिला थांग-ता संघ के अध्यक्ष साजिद राजा और संयुक्त सचिव अमित सिंह ने खुशी जताई है। उन्होंने तीनों विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
प्रतियोगिता के दौरान टीम के साथ मौजूद जिला थांग-ता संघ के सचिव सह कोच अशफाक अहमद ने कहा कि कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। भविष्य में इन खिलाड़ियों से देश और बिहार के लिए और भी पदक जीतने की पूरी उम्मीद है।
क्या है थांग-ता खेल?
'थांग-ता' पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर की एक प्राचीन और पारंपरिक मार्शल आर्ट (युद्ध कला) है। इस खेल में 'थांग' का अर्थ तलवार और 'ता' का अर्थ भाला होता है।
यह कला अपने अनूठे हथियारों के संचालन, शारीरिक संतुलन और रक्षात्मक-आक्रामक पैंतरेबाज़ी के लिए जानी जाती है, जिसे आजकल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में खूब पसंद किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बलिया में फुटबॉल महासंग्राम का होगा शंखनाद, नेशनल चैंपियन बनने उतरेंगी 36 टीमें