विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण के नकरदेई में चूल्हा बनाने की मिट्टी लेने गए किशोर की धंसने के नीचे दबने से मौत

Published: Wed, 11 Nov 2026 02:29 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के नकरदेई में छठ पूजा की तैयारी के दौरान मिट्टी के चट्टान में दबकर 16 वर्षीय अनमोल की ...और पढ़ें

अनमोल कुमार की फाइल फोटो।

अनमोल कुमार की फाइल फोटो।

HighLights

  1. छठ पूजा की तैयारी में मिट्टी लेने गया था किशोर।

  2. मिट्टी के चट्टान में दबने से हुई 16 वर्षीय अनमोल की मौत।

  3. परिवार ने पोस्टमार्टम से इनकार कर किया अंतिम संस्कार।

संवाद सहयोगी, आदापुर (पूर्वी चंपारण)। जिले के नकरदेई थाना क्षेत्र में बुधवार को छठ पूजा की तैयारी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कटगेनवा गांव निवासी बड़ा बाबू कुशवाहा के 16 वर्षीय पुत्र अनमोल की मिट्टी के चट्टान में दबकर मौत हो गई।

वह छठ पूजा के लिए मिट्टी का चूल्हा बनाने के उद्देश्य से मिट्टी लाने भवानीपुर बाजार के समीप स्थित पुरानी चिमनी के पास गया था।

मिट्टी की खुदाई में हादसा

जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह परिवार में गोवर्धन पूजा और छठ महापर्व को लेकर खुशियों का माहौल था। इसी बीच अनमोल मिट्टी की खुदाई कर रहा था, तभी मिट्टी का एक बड़ा चट्टान उसके ऊपर आ गिरा और वह उसके नीचे दब गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद युवकों ने शोर मचाया और किसी तरह उसे मिट्टी से बाहर निकाला।

अस्पताल में तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलने पर स्वजन मौके पर पहुंचे और अनमोल को बेहतर इलाज के लिए रक्सौल स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुत्र की मौत की खबर सुनते ही पिता बड़ा बाबू कुशवाहा की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।

खुशियों में पसरा मातम

पर्व-त्योहार की खुशियों के बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में सुबह तक पूजा की तैयारी चल रही थी, वहां अनमोल की मौत के बाद चीख-पुकार मच गई।

उसकी मौत की खबर मिलते ही आसपास के लोग भी स्वजन को सांत्वना देने के लिए पहुंचने लगे और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

नदी तट पर अंतिम संस्कार

सूचना मिलने पर नकरदेई थानाध्यक्ष भरत प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिवार के लोगों ने इससे इन्कार कर दिया।

इसके बाद बंगरी नदी के तट पर अनमोल का अंतिम संस्कार कर दिया गया। छठ महापर्व की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

यह भी पढ़ें- पूर्णिया में बड़ा सड़क हादसा: घर के बरामदे में घुसी कार, 2 बच्चों और महिलाओं समेत 6 को रौंदा; 4 की हालत गंभीर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।