पूर्वी चंपारण में नेपाल जा रहा 1.8 किलो स्मैक बरामद, दो अंतरराष्ट्रीय धंधेबाज गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण के रक्सौल में बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस ने 1.8 किलो स्मैक के साथ दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को ...और पढ़ें

रक्सौल में बरामद मादक पदार्थ के साथ डीएसपी मनीष आनंद एवं अन्य। जागरण
HighLights
1.8 किलो स्मैक के साथ दो अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार।
बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत 3.7 करोड़ रुपये आंकी गई।
स्कॉर्पियो के गुप्त तहखाने से स्मैक नेपाल ले जाया जा रहा था।
संवाद सहयोगी, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। Raxaul Smack Smuggling Case: पूर्वी चंपारण के रक्सौल में बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और जिला पुलिस ने भारी मात्रा में स्मैक के साथ दो अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है।
दोनों को लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट के समीप वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया। उनके पास से एक किलो 806 ग्राम स्मैक बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब तीन करोड़ 70 लाख रुपये आंकी गई है।
स्कार्पियो में बनाया था तहखाना
पुलिस के अनुसार, धंधेबाज स्मैक को स्कार्पियो के अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान वाहन से स्मैक के 29 पैकेट बरामद किए गए। इसके अलावा दो मोबाइल और एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
गोरखपुर से ला रहे थे स्मैक
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रक्सौल शहर के वार्ड नंबर 14 मौजे मोहल्ला निवासी ईश्वरी साह के पुत्र रमेश कुमार और पलनवा थाना क्षेत्र के बहुअरी गांव निवासी बच्चा सिंह के पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों गोरखपुर और लखनऊ से मादक पदार्थ की तस्करी कर नेपाल में आपूर्ति करते थे। बरामद स्मैक को रक्सौल के रास्ते नेपाल के काठमांडू सहित विभिन्न स्थानों पर खपाने की योजना थी।
गुप्त सूचना पर वाहन जांच
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में स्मैक जैसे मादक पदार्थ लेकर धंधेबाज भारत से नेपाल की ओर जाने वाले हैं।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एसटीएफ की विशेष टीम और जिला पुलिस ने लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट के समीप वाहन जांच शुरू की। इस दौरान गोरखपुर से रामगढ़वा के रास्ते रक्सौल की ओर जा रही स्कार्पियो को रोका गया।
29 पैकेट स्मैक बरामद
स्कार्पियो की तलाशी के दौरान उसके अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने का पता चला। इसमें छिपाकर रखे गए स्मैक के 29 पैकेट बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। टीम में पर्यवेक्षी पदाधिकारी निर्भय कुमार राय, थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, एसआइ विकास कुमार पासवान, राकेश कुमार, प्रेम कुमार और अजय कुमार शामिल थे।
15 लोगों की पहचान
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े 15 लोगों की पहचान की गई है। इनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।
दोनों का आपराधिक इतिहास
जांच में गिरफ्तार आरोपित संदीप कुमार के विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कांड संख्या 349/25 दर्ज होने की बात सामने आई है।
वहीं, रमेश कुमार पूर्व में मादक पदार्थ तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मामले के दूसरे पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध रक्सौल थाना में कांड संख्या 477/26 दर्ज किया गया है।
दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर नारकोटिक्स मामले में संलिप्त संभावित नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
आदापुर में स्मैक के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार
आदापुर : पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल बेलदरवा 71वीं बटालियन के जवानों ने श्यामपुर चौक से एक नेपाली युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक पहचान नेपाल के बारा जिला स्थित थाना कलैया फेटा गांव निवासी नसरुल्लाह देवान के 24 वर्षीय पुत्र रोज मोहम्मद देवान के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष रूपम कुमारी ने बताया कि जानकारी मिली की एक नेपाली युवक स्मैक लेकर श्यामपुर चौक पर मौजूद है। जिसे बाहर किसी को डिलीवरी देने जाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एसएसबी के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
इस दौरान युवक के पास से 48.76 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। जब्त स्मैक की जांच अंचलाधिकारी प्रज्ञा नयनम की देखरेख हुई। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है कि बरामद स्मैक कहां से लिया था और किसको डिलीवरी देने के लिए जा रहा था। थानाध्यक्ष रूपम कुमारी ने बताया कि बरामद स्मैक को जब्त कर पुलिस अग्रतर कार्रवाई कर रही है।
