विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पकड़ीदयाल में खेती करने वाले किसान की बेटी मुस्कान बनी पुलिस, अब UPSC preparation शुरू

Published: Sat, 07 Nov 2026 07:00 AM (IST)

पूर्वी चंपारण की मुस्कान कुमारी ने किसान पिता की बेटी होकर बिहार पुलिस में कांस्टेबल का पद हासिल किया है। ...और पढ़ें

मुस्कान कुमारी - सौजन्य स्वयं

मुस्कान कुमारी - सौजन्य स्वयं 

HighLights

  1. किसान की बेटी मुस्कान बनी बिहार पुलिस कांस्टेबल।

  2. बचपन का सपना पूरा कर अब यूपीएससी पर नजर।

  3. ग्रामीण परिवेश की लड़कियों के लिए बनी प्रेरणा।

शशिरंजन सिंह, पकड़ीदयाल (पूर्वी चंपारण)। गांव की गलियों से निकलकर बिहार पुलिस की वर्दी तक का सफर तय करने वाली मुस्कान कुमारी की कहानी मेहनत और बड़े सपने देखने का हौसला देती है।

खेतों में मेहनत करने वाले किसान पिता मुकेश सिंह की बेटी ने कांस्टेबल बनकर अपना बचपन का सपना पूरा कर लिया है। चार महीने पहले बिहार पुलिस में चयन होने से परिवार में खुशियां छा गईं।

हालांकि, मुस्कान की नजर अब एक और बड़े लक्ष्य पर है। वह पुलिस की नौकरी के साथ यूपीएससी की तैयारी कर सिविल सेवा में जाना चाहती हैं।

बचपन से था वर्दी पहनने का सपना

पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल प्रखंड स्थित अजगरी गांव की रहने वाली मुस्कान ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ीं। बचपन से ही पुलिसकर्मियों को देखकर उनके मन में भी वर्दी पहनने और पुलिस सेवा में जाने की इच्छा जागी। धीरे-धीरे यही इच्छा उनका लक्ष्य बन गई। उन्होंने पकड़ीदयाल में रहकर पढ़ाई पूरी की और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी।

अनुशासन और मेहनत से हासिल की सफलता

मुस्कान ने अपनी तैयारी के दौरान अनुशासन और निरंतर मेहनत को प्राथमिकता दी। परिवार का सहयोग और खुद पर भरोसा उनकी सबसे बड़ी ताकत बना।

तमाम प्रयासों के बाद उनका चयन बिहार पुलिस में कांस्टेबल पद पर हो गया। इस सफलता ने न सिर्फ उनके बचपन के सपने को पूरा किया, बल्कि परिवार और गांव को भी गौरवान्वित किया।

नौकरी के साथ यूपीएससी की तैयारी का लक्ष्य

मुस्कान के लिए कांस्टेबल बनना मंजिल नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की एक शुरुआत है। उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस में चयन उनके लंबे समय से देखे जा रहे सपने के सच होने जैसा है। अब वह नौकरी की जिम्मेदारियां निभाने के साथ यूपीएससी की तैयारी करना चाहती हैं। उनका लक्ष्य सिविल सेवा में पहुंचकर बड़े स्तर पर देश और समाज की सेवा करना है।

पिता बोले, बेटी ने सपना सच कर दिखाया

बेटी की सफलता से किसान पिता मुकेश सिंह काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि मुस्कान बचपन से ही पुलिस में जाने का सपना देखती थीं। अपनी मेहनत से उसने उस सपने को पूरा कर दिखाया है। उन्होंने बेटियों को समान शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर देने की जरूरत पर भी जोर दिया।

गांव की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

मुस्कान की सफलता आसपास की दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी कहानी बताती है कि ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधन किसी के सपनों की राह में बाधा नहीं बन सकते। मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और परिवार का साथ मिले तो गांव की बेटियां भी अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर की स्मिता ने Gen Z को दिया बड़ा संदेश, तीन-तीन सरकारी सेवाओं में सफल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।