विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में दिमाग की सर्जरी में बनाया रिकॉर्ड, अब 53 की उम्र में क्लैट पास कर चौंकाया

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:35 PM (IST)

मोतिहारी के प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. प्रकाश खेतान ने 53 साल की उम्र में क्लैट परीक्षा पास कर सबको चौंका दिया है। उन्होंने इससे पहले बेटी को प्रेरित करने के लिए नीट परीक्षा भी दी थी और उनका नाम गिनीज बुक में भी दर्ज है।

मोतिहारी के न्यूरोसर्जन डॉ. प्रकाश खेतान। सौजन्य- स्वयं

मोतिहारी के न्यूरोसर्जन डॉ. प्रकाश खेतान। सौजन्य- स्वयं

संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती। इस बात को सिद्ध किया है शहर के स्टेशन रोड निवासी प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डा. प्रकाश खेतान ने।

53 साल की उम्र में उन्होंने कठिन ला प्रवेश परीक्षा कामन ला एडमिशन टेस्ट (क्लैट) पास कर 37,628 वीं आल इंडिया रैंक हासिल की है। डा. खेतान की यह उपलब्धि हर तरफ चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने उम्र और पढ़ाई को लेकर समाज में बनी पुरानी धारणाओं को चुनौती दी है।

बेटी को प्रेरित करने के लिए दिया था नीट

यह पहली बार नहीं है जब डा. खेतान ने उम्र की रूढ़ियों को तोड़ा हो। साल 2023 में उन्होंने अपनी बेटी मिताली को प्रेरित करने के लिए नीट-यूजी परीक्षा दी थी। परिणाम हैरान करने वाला था।

बेटी मिताली ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, तो डा. खेतान ने खुद 89 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। पिता-बेटी की इस जोड़ी की शैक्षणिक सफलता तब भी चर्चा और प्रशंसा का विषय बनी थी, जिसने कई छात्रों और अभिभावकों को प्रेरित किया था।

अस्पताल के बाद रात में पढ़ाई

डा. खेतान ने अपनी दिनचर्या को बेहद चुनौतीपूर्ण बताया। अस्पताल में मरीजों के इलाज में लंबे घंटे बिताने के बाद वे देर रात और मिलने वाले खाली समय में कानून की पढ़ाई करते थे। रोजाना मरीजों का इलाज करने के बावजूद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की इस ला प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए समय निकाला।

गिनीज बुक में भी दर्ज है नाम

डा. खेतान को चिकित्सा विशेषज्ञता के लिए वैश्विक पहचान भी मिल चुकी है। साल 2012 में उनका नाम गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड्स में दर्ज हुआ था। उन्होंने एक ही सर्जरी में मानव मस्तिष्क से 296 सिस्ट सफलतापूर्वक निकालने का रिकार्ड बनाया था।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में डेढ़ साल का इंतजार खत्म, SKMCH के सुपर स्पेशियलिटी भवन में शुरू हुई अल्ट्रासाउंड जांच

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।