विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों का बवाल, पटाखा विवाद में जूनियर और सीनियर भिड़े

Published: Sat, 31 Oct 2026 05:10 PM (IST)

Motihari Engineering College Fight: मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में जूनियर और सीनियर छात्रों के बीच पटाखों को लेकर विवाद हुआ, जिसमें ...और पढ़ें

आपास में भिड़े इंजीनियरिंग कालेज के छात्र।

आपास में भिड़े इंजीनियरिंग कालेज के छात्र।

HighLights

  1. मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में जूनियर-सीनियर छात्रों में मारपीट।

  2. पटाखा फोड़ने को लेकर शुरू हुआ था यह विवाद।

  3. पुलिस ने स्थिति संभाली, प्रशासनिक जांच के आदेश दिए।

जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Motihari Engineering College Fight: मोतिहारी कालेज ऑफ इंजीनियरिंग में शनिवार को जूनियर और सीनियर विद्यार्थी आपस में भिड़ गए।

मारपीट की घटना में कई विद्यार्थियों के चोटिल होने की बात सामने आई है। शुक्रवार रात पटाखा फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार को फिर बढ़ गया और कालेज परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।

पटाखा फोड़ने से विवाद

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात जूनियर विद्यार्थियों के हास्टल के पास पटाखे फोड़े जा रहे थे। इससे चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थी परेशान हो रहे थे और परीक्षा चलने के कारण उन्होंने पटाखे फोड़ने पर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ता गया और शोर-शराबा हंगामे में बदल गया।

motihari engineering college junior senior fight (1)

हास्टल में तोड़फोड़ का आरोप

दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। इस दौरान हास्टल में तोड़फोड़ किए जाने की भी बात सामने आई है। स्थिति बिगड़ने पर शुक्रवार रात ही पुलिस को बुलाना पड़ा।

पुलिस ने संभाली स्थिति

शनिवार को स्थिति बिगड़ती देख कालेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। प्रशिक्षु डीएसपी अभिषेक कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमित कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी सशस्त्र बल के साथ कालेज परिसर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के विद्यार्थियों को कान्फ्रेंस हाल में बैठाकर उनकी बातें सुनीं और समझा-बुझाकर शांत कराया।

दोनों पक्षों के आरोप

पुलिस के पहुंचने से पहले कालेज प्रशासन भी विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास कर रहा था। जूनियर विद्यार्थियों को अकादमिक भवन के अंदर भेज दिया गया था, जबकि सीनियर विद्यार्थी भवन के बाहर थे। जूनियर छात्रों का आरोप है कि शनिवार सुबह वे कालेज भवन के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तभी सीनियर छात्रों ने फिर हमला कर दिया, जबकि सीनियर छात्रों ने इससे इनकार किया है।

प्राचार्य ने बताया विवाद

प्राचार्य प्रो. नवनीत कुमार ने बताया कि यह विद्यार्थियों का आपसी विवाद है और इसमें रैगिंग जैसी कोई बात नहीं है। विद्यार्थियों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि जूनियर विद्यार्थियों को छुट्टी देकर हास्टल भी खाली करा दिया गया है।

प्रशासनिक जांच के आदेश

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। पूरे मामले की जांच सदर एसडीएम और डीएसपी करेंगे तथा कालेज प्रशासन की भूमिका की भी जांच होगी। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

कालेज में स्थिति शांत

फिलहाल कालेज परिसर में स्थिति शांत है और पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों को भी चेतावनी दी गई है कि विवाद आगे बढ़ने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर एमआइटी हॉस्टल में छात्रों की भिड़ंत, नशे में हंगामा करने पर मारपीट, FIR दर्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।