मोतिहार में तीन दिन बाद मनानी थी शादी की सालगिरह, पत्नी व बहन के सामने काल बनकर आई दूसरी बाइक
मोतिहारी में पत्नी और बहन के सामने सड़क किनारे खड़े राहुल कुमार (22) की बाइक टक्कर से मौत हो गई। ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मोतिहारी में सड़क किनारे खड़े युवक की मौत।
पत्नी और बहन के सामने हुआ दर्दनाक हादसा।
स्वजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए सवाल उठाए।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। मुफस्सिल थानाक्षेत्र के बसतपुर बाबू टोला और बांया टोला के बीच गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक लगाकर सड़क किनारे खड़े एक युवक की मौत उसकी पत्नी व बहन के सामने हो गई।
युवक बसतपुर वार्ड संख्या-16 निवासी नरेश सिंह के पुत्र राहुल कुमार (22) था। हादसे के बाद स्वजन ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार राहुल अपनी पत्नी नीतिका देवी व बहन मधु देवी को लेकर गांव से मोतिहारी की ओर आ रहा था। पत्नी शहर की एक लाइब्रेरी में पढ़ाई करती है।
लौटने के क्रम में रास्ते में बाबू टोला-बांडा टोला के बीच राहुल ने किसी काम से अपनी बाइक रोकी। इसी दौरान दूसरी ओर से आई बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राहुल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे तत्काल छतौनी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटनास्थल पर पहले से मौजूद थे तीन बाइक सवार, स्वजन ने उठाए सवाल
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान पहुंचे स्वजन और ग्रामीणों ने घटना को लेकर कई सवाल खड़े किए। उनका दावा है कि घटनास्थल के आसपास पहले से तीन बाइक सवार मौजूद थे।
राहुल के बाइक रोकते ही दूसरी बाइक से उसे टक्कर मारी गई। आरोप है कि टक्कर मारने वाले बाइक सवार की पहचान भी ग्रामीण के रूप में हुई है। इसी आधार पर स्वजन ने घटना को सुनियोजित बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अबतक पुलिस के स्तर नहीं की गई है। स्वजन की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत भी नहीं दी गई है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुजरात में करता था नौकरी, 22 नवंबर को थी शादी की पहली सालगिरह
राहुल गुजरात की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। छठ पर्व में शामिल होने के लिए वह घर आया था। पिछले वर्ष 22 नवंबर को उसकी शादी हुई थी।
आगामी 22 नवंबर को शादी की पहली सालगिरह मनाई जानी थी, लेकिन उससे महज तीन दिन पहले ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
हादसे के बाद पत्नी नीतिका देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह सदमे में बेहोश हो गई। छोटे भाई राजन कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।