शादी के मंडप में दूल्हा हुआ बेहोश, दुल्हन ने कहा- नहीं करूंगी इससे शादी
शादी करने आया दूल्हा अचानक शादी के मंडप में बेहोश हो गया, इसे देखते ही दुल्हन और उसके घरवालों ने शादी करने से इंकार कर दिया और गहने दहेज वापस करने तक बाराती को बंधक बना लिया।
पूर्वी चंपारण [जेएनएन]। दूल्हा शादी करने मंडप पर पहुंचा और बेहोश होकर गिर पड़ा, दुल्हन और घरवालों ने देखा और दूल्हे से शादी करने से इंकार कर दिया। काफी मिन्नतों के बाद भी जब दुल्हन पक्ष शादी को राजी नहीं हुआ तो बारात बिना दुल्हन के ही लौट आई।
घटना मोतिहारी जिले के मुफस्सिल थानांतर्गत महंगुआ गांव की है जहां सोमवार की रात तुरकौलिया के सपही से आई एक बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। स्थिति यह रही कि पूरी रात दूल्हा, उसके पिता व कई बाराती वधू पक्ष के लोगों की गिरफ्त में रहे।
बारातियों को दहेज में दिए गए सामान वापस लेने के बाद मंगलवार को पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वधू पक्ष ने मुक्त किया। हुआ यूं कि सोमवार की शाम बड़े ताम-झाम के साथ सपही निवासी शिवदयाल साह अपने पुत्र राजा कुमार की बारात लेकर महंगुआ निवासी गणेश साह के दरवाजे पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें: बिहार से जुड़े जाली नोट के इंटरनेशनल रैकेट के तार, पटना में एक गुर्गा गिरफ्तार
यहां आने के बाद शादी की तमाम रस्में होने लगी। इस बीच कन्या निरीक्षण के वक्त आभूषण कम देख वधू पक्ष के लोग नाराज तो हुए, लेकिन मामला दब गया। फिर जब राजा शादी करने मंडप में गया तो वह वहां अचानक से बेहोश हो गया। लड़के के बेहोश होने की सूचना चारों तरफ फैल गई।इस बीच यह बात तेजी से लोगों के बीच फैली कि लड़के को मिर्गी है।इस बात को लेकर वधू पक्ष के लोगों ने शादी से इन्कार कर दिया।
राजा के घर में व उसके पिता को दरवाजे पर अन्य बारातियों के साथ बंधक बना लिया गया। पूरे गांव के लोगों की भीड़ दरवाजे पर जमा रही। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुफस्सिल थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद के नेतृत्व में गई पुलिस की टीम ने लोगों को समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
यह भी पढ़ें: तेजस्वी ने किया ट्वीट: सावधान! खतरे में है देश ISI से संबंधों का PM करें खुलासा
पुलिस के समक्ष वधू पक्ष के लोगों ने शिकायत दर्ज कराई कि लड़के को मिर्गी की शिकायत है और वधू के लिए लाए गए सामान की क्वालिटी भी घटिया है। इस स्थिति में यहां शादी नहीं की जा सकती है। दहेज वापस कराया जाए। इसके बाद गांव में पंचायत बैठी और मामले को दहेज की राशि वापस लेने के बाद सुलझा दिया गया।
कहा- थानाध्यक्ष ने
वधू पक्ष की शिकायत के आलोक में वर पक्ष के लोगों से बात की गई। दोनों पक्षों की सहमति से मामले को सुलझा लिया गया है।
अरविंद प्रसाद
थानाध्यक्ष, मुफस्सिल (पूच.)