पूर्वी चंपारण में छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला, महिला सिपाहियों पर फेंका मिर्च पाउडर
पूर्वी चंपारण के पताही में छठ पूजा के बाद मारपीट के मामले में आरोपितों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम ...और पढ़ें

दो महिला सिपाहियों पर मिर्च पाउडर फेंक दिया गया।
HighLights
पुलिस टीम पर छापेमारी के दौरान हमला हुआ।
दो महिला सिपाहियों पर मिर्च पाउडर फेंका गया।
घटना के बाद तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।
संवाद सहयोगी, पताही (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Crime News: पूर्वी चंपारण के पताही में छठ पूजा के दौरान हुई मारपीट के मामले में आरोपितों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और नोक-झोंक की गई।
इस दौरान दो महिला सिपाहियों पर मिर्च पाउडर फेंक दिया गया, जिससे उनकी तबीयत प्रभावित हुई और चिकित्सा करानी पड़ी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
मारपीट मामले में छापेमारी
घटना पताही थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, छठ पूजा के दूसरे दिन गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस मामले में एक पक्ष की ओर से पताही थाने में आवेदन दिया गया था, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया था।
आवेदन के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 315/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए गुरुवार को पुलिस टीम मिर्जापुर गांव पहुंची थी।
महिला सिपाहियों पर फेंका मिर्च
बताया जाता है कि पुलिस टीम जैसे ही आरोपितों के घर पहुंची, वहां मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान दो महिला सिपाहियों पर मिर्च पाउडर फेंक दिया गया। घटना के बाद सिपाहियों की चिकित्सा कराई जा रही है।
इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर कुछ आरोपित मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
तीन महिलाएं गिरफ्तार
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मिर्जापुर गांव निवासी रामलखन पासवान की पुत्री आरती कुमारी और शांति कुमारी तथा शिवहर थाना क्षेत्र के हरनाही गांव निवासी संतोष पासवान की पुत्री शिव कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस टीम मारपीट के मामले में आरोपित को गिरफ्तार करने गई थी। इस दौरान पुलिस के साथ मौजूद महिला सिपाहियों के साथ नोकझोंक की गई। आरोपित को भगाने का प्रयास किया। पुलिस के साथ नोकझोंक करने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
कुमार चंदन, पुलिस उपाधीक्षक, पकड़ीदयाल