पूर्वी चंपारण में तियर नदी पर अंग्रेजों के जमाने का पुल पड़ रहा छोटा, भारत-नेपाल के लोगों को परेशानी
पूर्वी चंपारण में तियर नदी पर अंग्रेजों के जमाने का पुल आबादी और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात में बाधा बन रहा है। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित यह पुल जर्जर हो चुका है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और नए पुल की मांग उठ रही है।

पूर्वी चंपारण में सीमावर्ती तियर नदी पर निर्मित जर्जर पुल। जागरण
HighLights
पूर्वी चंपारण में अंग्रेजों का पुल बन रहा यातायात बाधा।
भारत-नेपाल सीमा पर लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतें।
पूर्व मंत्री ने तियर नदी पर नए पुल की मांग की।
संवाद सहयोगी, छौड़ादानो (पूर्वी चंपारण)। आजादी से पहले अंग्रेजी शासनकाल में तियर नदी पर पुल का निर्माण हुआ था, जो आज भी भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है।
आबादी और वाहनों की संख्या में कई गुना वृद्धि के बावजूद पुल की संरचना दशकों पुरानी है। छौड़ादानो, बनकटवा और घोड़ासहन प्रखंड सहित आसपास के इलाकों के लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। इधर शादी- विवाह का मुहूर्त शुरू हो गया है।
बरातियों के वाहनों का काफिला पुल के दोनों ओर जब जमा होता है तो सड़क पर आवागमन बाधित हो जाता है। लोगों को घंटों इंतजार के बाद पुल पार करना पड़ता है। इस दौरान नोकझोंक की स्थिति भी बन जाती है।
बनकटवा व छौड़ादानो के ग्रामीण ललन सिंह, संजय सिंह, विकास सिंह, संजीव कुमार, हरिनाथ प्रसाद, दीनानाथ प्रसाद, बबलू कुमार, अनिल कुमार, अवधेश कुमार, बाल्मीकि यादव आदि नए पुल निर्माण की मांग करते आ रहे है।
फिलहाल यह पुल जर्जर हो चुका है। मरम्मती के बाद इस पुल से हल्के वाहनों का आवागमन हो रहा है। पुल की चौड़ाई कम होने के कारण एक समय में एक ही दिशा के वाहन पुल पार कर पाते हैं और दूसरी ओर वाहनों की कतार लग जाती है।
इसका असर विद्यार्थियों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजाना यात्रा करने वालों पर पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले वाहनों को भी परेशानी होती है।
पुल के समानांतर नया पुल बनाने की लगातार उठ रही मांग
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डा. शमीम अहमद ने राज्य सरकार से तियर नदी पर पुराने पुल के समानांतर नया पुल बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले बना यह पुल काफी पुराना हो चुका है। इसका निर्माण उस समय की आबादी और वाहनों की संख्या के अनुसार हुआ था, जबकि अब वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है।
संकरे पुल पर दोनों दिशाओं से वाहनों के आने-जाने के कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पूर्व मंत्री ने कहा कि यह पुल छौड़ादानों और बनकटवा प्रखंड सहित भारत और नेपाल के बीच आवागमन की महत्वपूर्ण कड़ी है।
नेपाल के बारा, परसा और रौतहट जिलों के लोग इसी रास्ते से छौड़ादानो होते हुए मोतिहारी जिला मुख्यालय और बिहार के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचते हैं। इस पुल से सीमावर्ती क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने राज्य सरकार से संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक सर्वेक्षण कराकर नए पुल के निर्माण की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।