विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण के ढाका में पंचायत के फरमान पर नाबालिग बच्चों का हाथ-पैर बांध कर पीटा, वीडियो प्रसारित

Published: Sun, 22 Nov 2026 11:41 AM (IST)

पूर्वी चंपारण के ढाका में ग्राम कचहरी के कथित फरमान पर नाबालिग बच्चों को हाथ-पैर बांधकर पीटने का अमानवीय मामला सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जिसमें दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।

पूर्वी चंपारण में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो से ली गई तस्वीर।

पूर्वी चंपारण में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो से ली गई तस्वीर।

HighLights

  1. पूर्वी चंपारण में नाबालिग बच्चों को बांधकर पीटने का आरोप।

  2. ग्राम कचहरी के कथित फरमान पर हुई अमानवीय घटना।

  3. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, सिकरहना (पूर्वी चंपारण)। बच्चों की गलती का फैसला करने के नाम पर क्या उन्हें बांधकर पीटा जा सकता है? कानून इसकी इजाजत नहीं देता, लेकिन पूर्वी चंपारण के ढाका प्रखंड की गहई पंचायत में ऐसा ही अमानवीय कृत्य किए जाने का आरोप सामने आया है।

ग्राम कचहरी के कथित फरमान पर नाबालिग लड़कों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें प्रताड़ित किए जाने का दावा किया जा रहा है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है और पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। दैनिक जागरण ऐसे किसी प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

जमीन पर बैठे बच्चों के हाथ-पैर बांधने का आरोप

प्रसारित वीडियो में दो लड़कों को जमीन पर बैठे देखा जा सकता है। उनके आसपास ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई दिखाई दे रही है। आरोप है कि ग्राम कचहरी के सरपंच के आदेश पर नाबालिग बच्चों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें सजा दी गई। बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार किए जाने के आरोप ने पंचायत के फैसले और कार्रवाई के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में

घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। इसकी सत्यता और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं

ग्राम कचहरी या पंचायत को किसी व्यक्ति को बंधक बनाने अथवा शारीरिक दंड देने का अधिकार नहीं है। विशेषकर नाबालिग बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार गंभीर कानूनी मामला है। पुलिस जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- मोतिहारी में दिनदहाड़े युवक की कनपट्टी पर पिस्तौल सटाकर लूटी सोने की चेन और दो अंगूठियां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।