पूर्वी चंपारण में बाइक पर दूध का ड्रम, अंदर चरस और नेपाली शराब! तस्करी का जुगाड़ देख पुलिस भी हैरान
पूर्वी चंपारण में पुलिस ने दूध के ड्रम में छिपाकर की जा रही चरस और नेपाली शराब की तस्करी का ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण में पुलिस ने जब्त किया अंदर चरस और नेपाली शराब।
HighLights
दूध के ड्रम में चरस और नेपाली शराब बरामद।
पूर्वी चंपारण में तस्करी का नया तरीका उजागर।
पुलिस ने बाइक जब्त की, तस्कर फरार।
संवाद सहयोगी, छौड़ादानो (पूर्वी चंपारण)। दूध के ड्रम को देखकर किसी को दूध की सप्लाई का अंदाजा हो सकता है, लेकिन इसी ड्रम में चरस और नेपाली शराब छिपाकर तस्करी की जा रही थी। पूर्वी चंपारण के महुआवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने तस्करी के इस तरीके का पर्दाफाश किया है।
धर्मनगर गांव के समीप सड़क किनारे खड़ी बाइक पर लदे दूध के ड्रम की तलाशी में 180 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब और 509 ग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस की गश्ती के दौरान भनक लगते ही धंधेबाज बाइक छोड़कर नेपाल सीमा की ओर फरार हो गया।
ड्रम के नीचे छिपाकर रखा था चरस
महुआवा थानाध्यक्ष मनोज कुमार के अनुसार, पुलिस गश्ती के दौरान धर्मनगर सीमा सड़क के किनारे एक बाइक खड़ी मिली। बाइक पर दूध का ड्रम लदा था। संदेह होने पर पुलिस ने ड्रम की तलाशी ली। इस दौरान उसमें 180 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब मिली। ड्रम में शराब के नीचे छिपाकर 509 ग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ भी रखा गया था।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागा धंधेबाज
पुलिस की गतिविधि की भनक लगते ही बाइक सवार धंधेबाज अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल सीमा की ओर भाग निकला। पुलिस ने बाइक और मादक पदार्थों को जब्त कर लिया है। जब्त बाइक के आधार पर फरार धंधेबाज की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुटी है।
सीमावर्ती इलाकों में तस्करों पर नजर
भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में नशीले पदार्थों और शराब के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार गश्ती कर रही है। इसके बावजूद तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। दूध के ड्रम में शराब और चरस छिपाकर ले जाने का मामला भी इसी तरह की तस्करी की ओर इशारा करता है।
गश्ती दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
महुआवा थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि फरार धंधेबाज की पहचान कर उसके विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में एसआई सिकंदर कुमार, चौकीदार रूपेश कुमार, विजय राय और दफादार प्रमोद सिंह शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।