पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर में राजमिस्त्री की गोली मारकर हत्या, धान के खेत में मिला शव
पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर में एक राजमिस्त्री अरुण राम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव धान के खेत में सड़क किनारे मिला, जिसके बाद पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी है।

अरुण राम उर्फ बागड़
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Murder Case: जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गोली मारकर एक राजमिस्त्री की हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को धान के खेत में सड़क किनारे फेंक दिया गया। शुक्रवार को शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
धान के खेत में मिला शव
मृतक की पहचान शंभूचक पंचायत के भटवलिया गांव के वार्ड संख्या नौ निवासी स्व. मोहन राम के 35 वर्षीय पुत्र अरुण राम उर्फ बागड़ के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया।
पीठ पर गोली के निशान
एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की जांच की। प्रारंभिक जांच में मृतक की पीठ पर गोली लगने के निशान मिले हैं।
परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है।
गुरुवार शाम से लापता
मृतक के बड़े भाई अरविंद राम ने बताया कि गुरुवार की शाम करीब सात बजे अरुण को दूध लाने के लिए कहा गया था। वह दूध लाने नहीं गया और गांव में ही कहीं चला गया।
देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को धान के खेत में सड़क किनारे उसका शव मिलने की सूचना मिली।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
स्वजन के अनुसार, अरुण बोलने में असमर्थ था। उसकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी बबीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की सात वर्षीय बेटी सजना कुमारी और दो वर्षीय बेटी पल्लवी कुमारी है। ग्रामीणों ने बताया कि अरुण मिलनसार स्वभाव का था और गांव में किसी से उसका कोई विवाद नहीं था।
थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि युवक की मौत गोली लगने से हुई है। पुलिस मामले के सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के स्वजन की ओर से थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया था।