पूर्वी चंपारण के जहरीली शराब कांड में चार आरोपित दोषी करार, 44 लोगों की हुई थी मौत
Bihar Poisonous Liquor Case: पूर्वी चंपारण के जहरीली शराब कांड में 44 लोगों की मौत के मामले में विशेष उत्पाद न्यायालय ने चार आरोपितों को दोषी करार दिया है। अब 26 नवंबर 2026 को सजा के बिंदु पर सुनवाई होगी।

सजा के बिंदु पर 26 नवंबर 2026 को सुनवाई होगी।
संवाद सहयोगी, जागरण, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Hooch Tragedy: जिले के चर्चित जहरीली शराब कांड में बड़ी कानूनी सफलता मिली है।
वर्ष 2023 में हुए इस कांड में 44 लोगों की मौत के मामले में विशेष न्यायाधीश, उत्पाद न्यायालय-वन ने चार आरोपितों को दोषी करार दिया है। दोषसिद्ध आरोपितों में अजय कुमार यादव, ललन यादव, राजेश सहनी और नवल किशोर यादव शामिल हैं।
चार आरोपित दोषी करार
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि विशेष न्यायाधीश, उत्पाद न्यायालय संख्या-वन ने विचारण संख्या टीआर-1598/23 में चारों आरोपितों को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए), 34 और 36 तथा भारतीय दंड विधान की धारा 304 के तहत दोषी पाया है।
अब सजा के बिंदु पर 26 नवंबर 2026 को सुनवाई होगी। इसके बाद न्यायालय की ओर से सजा पर निर्णय लिया जाएगा।
चार थाना क्षेत्रों में मौतें
एसपी के अनुसार, 11 से 15 अप्रैल 2023 के बीच जहरीली शराब पीने से जिले में 44 लोगों की मौत हो गई थी। हरसिद्धि, तुर्कौलिया, पहाड़पुर और सुगौली थाना क्षेत्रों में अवैध जहरीली शराब के सेवन से लोगों की जान गई थी।
घटना के बाद हरसिद्धि समेत सभी संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
वरीय अधिकारियों ने किया कैंप
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड के उद्भेदन, आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ साक्ष्य संकलन पर विशेष जोर दिया था।
तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक अमृत राज के मार्गदर्शन में अनुसंधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। अपराध अनुसंधान विभाग-सह-मद्यनिषेध के तत्कालीन पुलिस उपमहानिरीक्षक दलजीत सिंह के पर्यवेक्षण में जांच हुई।
15 से 20 दिन तक निगरानी
तत्कालीन पुलिस उपमहानिरीक्षक, आर्थिक अपराध इकाई एवं मद्यनिषेध के अतिरिक्त प्रभार में रहे मानवजीत सिंह ढिल्लो के सक्रिय नेतृत्व में अनुसंधान की समीक्षा की गई।
इस दौरान पुलिस के वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल पर 15 से 20 दिनों तक कैंप कर जांच की निगरानी की थी। पुलिस के अनुसार, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और पर्याप्त साक्ष्य संकलन के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध न्यायालय में मामला मजबूती से रखा गया।
अभियोजन ने रखे साक्ष्य
न्यायालय में सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक (उत्पाद) अनिल कुमार सिंह ने प्रभावी तरीके से अभियोजन पक्ष रखा। गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और साक्ष्यों की समुचित प्रस्तुति के आधार पर चारों आरोपितों को दोषी सिद्ध कराने में सफलता मिली।
अब सभी की निगाहें 26 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जिसमें सजा के बिंदु पर न्यायालय अपना निर्णय सुनाएगा।
यह भी पढ़ें- Bihar Hooch Tragedy: पूर्वी चंपारण जहरीली शराब कांड मामले में मरने वालों की संख्या आठ हुई, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- मोतिहारी में स्प्रिट का कहर: 48 घंटों में चार की मौत, थानाध्यक्ष निलंबित
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।