Bihar Hooch Tragedy: पूर्वी चंपारण जहरीली शराब कांड मामले में मरने वालों की संख्या आठ हुई, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण जिले में मेथेनॉल मिली जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। शनिवार को रघुनाथपुर, बालगंगा और तुरकौलिया से तीन और लोगों की मौत की सूचना मिली।

इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण टीम, मोतिहारी/तुरकौलिया (पूर्वी चंपारण)। जिले में मेथेनाल मिली स्प्रिट से बनी जहरीली शराब पीने के कारण लोगों के मरने का क्रम लगातार जारी है। शनिवार को भी तीन लोगों के मौत सूचना है।
उनमें रघुनाथपुर थानाक्षेत्र के दुल्हिन हरदिया निवासी लाल किशोर राय (45), बालगंगा मुसहरी टोला के लड्डू साह (35) व तुरकौलिया थाना क्षेत्र के शंकरसरैया उत्तरी पंचायत के शेखशरण टोला वार्ड संख्या पांच के इलियास अंसारी (50) शामिल हैं।
इन तीन नए लोगों की मौत के बाद मरनेवाले लोगों की संख्या आठ पर पहुंच गई। बुधवार की रात से लेकर शुक्रवार की शाम तक मरनेवालों की संख्या पांच पर थी। इन सूचनाओं के बीच पुलिस की टीम लगातार अवैध शराब के धंधे में शामिल लोगों की खोज व जहरीली शराब की हर बूंद जब्त करने के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात की ओर गठित विशेष जांच दल एसआइटी ने इस पूरे प्रकरण के मास्टर माइंड नागा राय व खलीफा को गिरफ्तार करने के बाद कई अहम सुराग पाया है। उस आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पीपराकोठी के सलेमपुर में 442 लीटर जहरीली स्प्रिट जब्त
संवाद सहयोगी, जागरण, पीपराकोठी। जिले के रघुनाथपुर व तुरकौलिया थानाक्षेत्र में स्प्रिट निर्मित शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस की छापेमारी लगातार चल रही है। इस कड़ी में शनिवार की शाम पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पीपराकोठी के सलेमपुर गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई के लिए बनी नहर के चैनल से 26 लीटर के 17 डब्बों में कुल 442 लीटर मेथेनाल मिली स्प्रिट जब्त की है।
इसी स्प्रिट की छोटी खेप वितरित होने के बाद लोगों की मौत हो रही है। सदर-टू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश पांडेय और उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर मो. सेराज के संयुक्त नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में नहर के चैनल से जहरीली स्प्रिट मिलने के बाद पुलिस की टीम लगातार इलाके में छापेमारी कर रही है।
बता दें कि इससे पहले 2 अप्रैल को भी इसी गांव में करीब 100 मीटर की दूरी पर जहरीली शराब की बरामदगी हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है।
एसपी ने बताया कि इस मामले में लगातार छापेमारी की जा रही है। आम आदमी को जहां भी स्प्रिट की सूचना मिले तत्काल जानकारी दें, ताकि पुलिस लोगों की जान बचाने के लिए ऐसे पदार्थ की जब्ती कर सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।