पूर्वी चंपारण के हरैया में घर के अंदर मिली युवती की लाश, लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका
Raxaul Crime News Bihar: पूर्वी चंपारण के रक्सौल में 18 वर्षीय युवती साक्षी कुमारी का शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों ...और पढ़ें

स्वजनों ने लूटपाट के दौरान बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
HighLights
रक्सौल में 18 वर्षीय युवती का शव घर में मिला।
परिजनों ने लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका जताई।
पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही, बयानों में अंतर।
संवाद सहयोगी, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Girl Death: जिले के रक्सौल में घर के अंदर 18 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। हरैया थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा चौक के समीप गुरुवार की शाम युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया।
घर के कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। स्वजनों ने लूटपाट के दौरान बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतका के पिता व भाइयों से पूछताछ कर रही है। मृत युवती की पहचान मोतिहारी के कोलुअरवा निवासी दिनेश प्रसाद गुप्ता की 18 वर्षीय पुत्री साक्षी कुमारी के रूप में हुई है।
घर में अकेली थी साक्षी
मृतका की मां गौरी देवी ने बताया कि रोज की तरह गुरुवार की सुबह परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपनी किराना दुकान पर चले गए थे। शाम को दुकान बंद कर जब वे लोग घर लौटे तो दरवाजा खुला मिला।
अंदर जाने पर कमरे का सामान बिखरा हुआ था और बेटी साक्षी मृत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
बताया गया कि गौरी देवी अपने बड़े बेटे मोहित कुमार और छोटे बेटे सुमित कुमार के साथ हवाई अड्डा चौक स्थित मकान में रहकर किराना दुकान चलाती थीं। घटना के समय साक्षी घर में अकेली थी।
परिजनों के बयानों में अंतर
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। जांच के तहत मृतका के पिता और भाइयों से पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ के दौरान परिजनों के बयानों में अलग-अलग बातें सामने आने के कारण पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
परिजनों का आरोप है कि घर में लूटपाट करने के बाद उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- शिवहर में 2 दिन से लापता युवती की हत्या, गांव के ही पोखर से बरामद हुआ शव