पूर्वी चंपारण में चूल्हे के लिए मिट्टी खोद रहीं पांच किशोरियां टीले में दबीं, दो की हालत गंभीर
पूर्वी चंपारण के चिरैया में छठ पूजा के लिए मिट्टी खोद रही पांच किशोरियां अचानक मिट्टी का टीला धंसने से ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
छठ पूजा के लिए मिट्टी खोदते समय हादसा हुआ।
पांच किशोरियां मिट्टी के टीले के नीचे दब गईं।
दो किशोरियों की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती।
संवाद सहयोगी, चिरैया (पूर्वी चंपारण)। छठ महापर्व की तैयारी के लिए चूल्हा बनाने की खातिर मिट्टी लेने गईं पांच किशोरियों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पल में खुशियों की तैयारी मातम में बदल सकती है।
चिरैया थाना क्षेत्र के सरौगढ़ पंचायत अंतर्गत सरसावा घाट गांव में बुधवार को बांध किनारे मिट्टी खोदने के दौरान अचानक टीला धंस गया। इससे पांचों किशोरियां मिट्टी के नीचे दब गईं।
हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मिट्टी हटाकर सभी को बाहर निकाला। हादसे में दो किशोरियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अचानक धंस गया मिट्टी का टीला
जानकारी के अनुसार, छठ पूजा के लिए चूल्हा बनाने के उद्देश्य से पांचों किशोरियां सरसावा घाट के समीप बांध किनारे मिट्टी खोद रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया। इससे सभी किशोरियां उसके नीचे दब गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने मिट्टी हटाकर निकाला
किशोरियों के मिट्टी में दबने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने बिना देर किए मिट्टी हटाने का काम शुरू किया। करीब चार से पांच फीट मिट्टी हटाने के बाद पांचों किशोरियों को बाहर निकाला गया। इस दौरान गांव में घंटों अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
दो की हालत चिंताजनक
हादसे में दो किशोरियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन अन्य भी जख्मी हुई हैं। सभी को इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। दो किशोरियों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
छठ की तैयारी के बीच हादसे से गांव में चिंता
छठ महापर्व को लेकर गांव में तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच हुए हादसे से पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। जिन घरों में पर्व की तैयारी चल रही थी, वहां अचानक अफरा-तफरी और चिंता छा गई। ग्रामीणों के अनुसार, समय रहते मिट्टी हटाकर किशोरियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे उनकी जान बच सकी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।