छठ-दीवाली पर रक्सौल लौटना हुआ मुश्किल, ट्रेनों में 'नो-रूम', कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी
दीपावली और छठ पर्व के लिए घर लौट रहे यात्रियों को ट्रेनों में सीट न मिलने से भारी परेशानी हो रही है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
दीपावली और छठ पर घर लौटने वालों की भीड़।
रक्सौल आने-जाने वाली ट्रेनों में सीटें नहीं।
यात्रियों ने अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की मांग की।
नूतन चंद्र त्रिवेदी, रक्सौल। दीपावली और छठ पर्व को लेकर दूसरे प्रदेशों में रहने वाले लोग घर लौटने लगे हैं। हांलाकि, ट्रेनों में सीटों की कमी उनकी राह मुश्किल बना रही है।
देश के विभिन्न हिस्सों से रक्सौल आने वाली और रक्सौल से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में दीपावली और छठ तक सीटें उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
दैनिक, साप्ताहिक और स्पेशल ट्रेनों में भी नो रूम की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में यात्रियों के सामने त्योहार के समय घर पहुंचना चुनौती बन गया है।
लोगों का कहना है कि पर्व-त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों की भीड़ होती है। इसके बावजूद पर्याप्त ट्रेनों की संख्या नहीं होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने त्योहारों को देखते हुए अतिरिक्त विशेष ट्रेनों के परिचालन की मांग की है, ताकि यात्री आसानी से अपने पर्व व त्योहार पर अपने घर पहुंच सकें।
रक्सौल आनेवाली और गुजरने वाली ट्रेनों की स्थिति
देश के विभिन्न हिस्सों से रक्सौल आने वाली और इस स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में इस समय सभी सीटें फुल है। इन ट्रेनों में हावड़ा से रक्सौल आने वाली दैनिक मिथिला एक्सप्रेस (13021) शुक्रवार और शनिवार को हावड़ा से रक्सौल आने वाली रक्सौल हावड़ा एक्सप्रेस(13043), तिरुपति से प्रत्येक बुधवार को मुंबई-रक्सौल आने वाली (05558), शकूरबस्ती से रक्सौल होते हुए दरभंगा जाने वाली स्पेशल(04098) ट्रेनें शामिल हैं।
वहीं, आनंद विहार से रक्सौल होते हुए लौकहा जाने वाली स्पेशल(04014), आनंद विहार से रक्सौल आने वाली दैनिक सत्याग्रह ट्रेन (15274), आनंद विहार से रक्सौल होते हुए शनिवार को सीतामढ़ी जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस (14048), शनिवार और बुधवार को आनंद विहार से रक्सौल होते हुए दरभंगा जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस (15558), आनंद विहार से रक्सौल होते हुए सहरसा जाने वाली स्पेशल (05576) व आनंद विहार से पूर्णिया कोर्ट जाने वाली स्पेशल (05580) ट्रेनें शामिल है।
पर्व-त्योहार में लोगों की भीड़ के आगे ट्रेनों की संख्या कम पड़ रही है। नो रूम की स्थिति लगभग सभी ट्रेनों में बनी हुई है। ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के लिए समस्तीपुर मंडल सहित रेलवे बोर्ड को लिखा जाएगा।
अरूण कुमार गुप्ता, सदस्य रेलवे परामर्शदात्री समिति रक्सौल
