विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में गहनों से भरा बैग लेकर घर लौट रहा था स्वर्ण व्यवसायी, स्कूल के पास बदमाशों ने मारी गोली

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:25 AM (IST)

पूर्वी चंपारण के चकिया में एक स्वर्ण व्यवसायी सुजीत कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया गया। पुलिस ने दो ...और पढ़ें

सुजीत कुमार की फाइल फोटो।

सुजीत कुमार की फाइल फोटो।

HighLights

  1. चकिया में स्वर्ण व्यवसायी सुजीत कुमार को गोली मारकर घायल किया गया।

  2. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मोतिहारी रेफर किया गया।

  3. पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, पुरानी रंजिश की जांच।

संवाद सहयोगी, चकिया (पूर्वी चंपारण)।  पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थानाक्षेत्र के बांसघाट बाजार से सटे प्राथमिक विद्यालय के पास बुधवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर उनसे गहनों से भरा बैग लूट लेने की सूचना है।

जख्मी बांसघाट वार्ड संख्या-छह निवासी स्वर्ण व्यवसायी अवध किशोर साह के पुत्र सुजीत कुमार हैं। स्वजन के अनुसार घायल सुजीत कुमार की दुकान भुवन छपरा एवं बड़े भाई संजीत कुमार की दुकान पूरन छपरा बाजार पर स्थित है।

बड़े भाई संजीत जब दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे तो रास्ते में उनकी साइकिल से टक्कर हो गई। इसके बाद बांसघाट बाजार पर उनका इलाज चल रहा था।

संजीत ने फोन कर छोटे भाई सुजीत को फोन कर दुर्घटना की सूचना देते हुए बताया कि उनके पास गहना का बैग है जिसे आकर लेकर जाए।

सूचना पर सुजीत अपने पिता के साथ मौके पर पहुंच संजीत का सामान लेकर घर रखने जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने बांसघाट प्राथमिक स्कूल के पास सुजीत पर फायरिंग कर दिया। जिससे सुजीत बाइक समेत गिर पड़े।

इस दौरान उनके पिता गहने का एक बैग लेकर भाग गए। जबकि दूसरे बैग को बदमाश लूटकर फरार हो गए। स्वजनों के अनुसार अपाची बाइक पर सवार तीन की संख्या में शामिल बदमाशों ने तीन गोलियां चलाईं थी,जिसमें एक गोली सुजीत के पेट में लगी।

हालांकि पुलिस को मौके से दो खोखा ही मिला है, इसलिए पुलिस दो गोली फायरिंग की बात बता रही है। घटना के बाद आनन-फानन में सुजीत को चकिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी स्थित रहमानिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने चकिया पुलिस को बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। आभूषण की लूट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।’
स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण।

यह भी पढ़ें- पूर्वी चंपारण में अंतर जिला ठग गिरोह का भंडाफोड़, लोन के नाम पर करता था ठगी

यह भी पढ़ें- गांधीजी के तीन बंदर अब बचाएंगे साइबर ठगी से, अब ठगों का खेल होगा फेल, मोतिहारी में बना सुरक्षा मंत्र