पूर्वी चंपारण में अंतर जिला ठग गिरोह का भंडाफोड़, लोन के नाम पर करता था ठगी
BIHAR Inter District Fraud Gang: पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर में पुलिस ने एक अंतर जिला ठग गिरोह का पर्दाफाश किया ...और पढ़ें

गिरफ्तार आरोपित के साथ पुलिस टीम। सौजन्य-पुलिस
HighLights
पूर्वी चंपारण में अंतर जिला ठग गिरोह का पर्दाफाश।
लोन दिलाने के नाम पर लोगों से की जाती थी ठगी।
एक आरोपी चंदन कुमार गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामान जब्त।
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Fraud Case: पुलिस की विशेष टीम ने पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर में ठगी करने वाले अंतर जिला गिरोह का पर्दाफाश किया है।
मामले में सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी चंदन कुमार को मधुबन से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
महिला की शिकायत पर जांच
वृंदावन पंचायत के वार्ड संख्या चार निवासी रानी कुमारी ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चंदन कुमार को मधुबन से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पुलिस को बताया गया कि आरोपित आवास फाइनेंसियल लिमिटेड कंपनी के नाम पर लोगों को एक लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देता था।
इसके लिए लोगों से फर्जी कागजात पर हस्ताक्षर कराए जाते थे और लोन दिलाने के बदले लिफाफे में 10 हजार रुपये लिए जाते थे।
लोन का झांसा देकर ठगी
पुलिस के अनुसार, रुपये लेने के बाद लोगों को कागज से भरा लिफाफा थमा दिया जाता था। वृंदावन निवासी गिरजा देवी, रमाकांत भगत, मूर्ति देवी, रवीन्द्र सहनी और जलेन्द्र हजार से 17,500 रुपये तक लेकर उन्हें कल्याणपुर स्थित एक स्थान पर बुलाया गया था। इसके बाद जब लोगों ने दिए गए फोन नंबर पर संपर्क किया तो मोबाइल बंद मिला।
लोगों ने जब लिफाफा खोला तो उसमें रुपये या अन्य सामान के बजाय कागज मिला। इसके बाद ठगी का पता चला और मामले की शिकायत पुलिस से की गई। थानाध्यक्ष अमजीत कुमार ने बताया कि आरोपितों ने मधुबन में कार्यालय खोल रखा था।
कई जिलों में फैला था नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, गिरोह वर्ष 2024 से मोतिहारी, चकिया, पिपरा, कल्याणपुर सहित अन्य जगहों पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था।
बदमाशों के अड्डे के पास से फाइनेंस लिमिटेड के नाम-पते वाले 68 पत्र-मोहर, एक आइडी कार्ड, दो लिफाफे और 58 सदस्यता आवेदन बरामद किए गए।
इसके अलावा 100 एटीएम कार्ड, 20 बड़े सेलफोन, पांच छोटे मोबाइल फोन तथा बैंक आफ बड़ौदा, बैंक आफ महाराष्ट्र, यूको बैंक सहित अन्य बैंकों के चेक भी बरामद किए गए। पुलिस ने अन्य सामान भी जब्त किया है।
गिरफ्तार चंदन कुमार की निशानदेही पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस विशेष टीम की कार्रवाई में अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, अर्जुन कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- पूर्वी चंपारण में लूट की बड़ी साजिश विफल, दरपा पुलिस ने पांच बदमाश दबोचे
