पूर्वी चंपारण में लूट की बड़ी साजिश विफल, दरपा पुलिस ने पांच बदमाश दबोचे
Bihar Crime: पूर्वी चंपारण में दरपा थाना पुलिस ने एक बड़ी लूट की साजिश को नाकाम करते हुए स्कॉर्पियो सवार ...और पढ़ें

सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Crime: जिले में दरपा थाना पुलिस ने एक संभावित लूट की वारदात को समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में स्कार्पियो पर सवार पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से दो बाइक, एक कट्टा, तीन कारतूस और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी आदापुर से छौड़ादानों की ओर जा रहे हैं और रास्ते में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने दरपा थाना क्षेत्र के बोल्डरवा चौक पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जाने लगी।
घेराबंदी कर दबोचे गए बदमाश
वाहन जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। इसी बीच अपाचे पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे अंधेरे और रास्ते का फायदा उठाकर निकल गए।
वहीं दूसरी ओर स्कार्पियो को घेरकर रोका गया। तलाशी के दौरान उसमें सवार पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और जांच के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार और कारतूस बरामद
स्कार्पियो की तलाशी में पुलिस को एकपिस्टल, एक कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद हुईं। बरामद हथियारों और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी लूट को अंजाम देने की फिराक में थे। फरार हुए दोनों बदमाशों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
आपराधिक नेटवर्क की भी होगी जांच
पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों के नेटवर्क, उनके सहयोगियों और हाल के दिनों में हुई अन्य घटनाओं से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
