विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में ट्रेन का तत्काल टिकट कन्फर्म नहीं होना बन गया काल, रास्ते में मां-बहन समेत 5 की मौत

Published: Tue, 24 Nov 2026 08:09 PM (IST)

लखीसराय-जमुई मार्ग पर स्कार्पियो और ट्रक की टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। परिवार शेखर गुप्ता के मुंडन संस्कार के लिए झारखंड के देवघर जा रहा था।

हादसे की सूचना मिलने बाद पूर्वी चंपारण के सिकरहना में मृतकों के दरवाजे पर पहुंचे लोग। जागरण

हादसे की सूचना मिलने बाद पूर्वी चंपारण के सिकरहना में मृतकों के दरवाजे पर पहुंचे लोग। जागरण

HighLights

  1. लखीसराय-जमुई मार्ग पर स्कार्पियो-ट्रक टक्कर में पांच की मौत।

  2. शेखर के मुंडन संस्कार के लिए देवघर जा रहा था परिवार।

  3. तत्काल ट्रेन टिकट कन्फर्म न होने पर सड़क यात्रा का फैसला।

संवाद सहयोगी, सिकरहना (पूर्वी चंपारण) । लखीसराय-जमुई मार्ग पर गुणसागर के समीप मंगलवार सुबह स्कार्पियो और ट्रक के बीच टक्कर में एक ही परिवार के चार लोग व चालक समेत पांच की मौत के बाद ढाका बाजार में मातम है।

सभी कन्हैया प्रसाद के पुत्र शेखर गुप्ता की शादी से पहले मुंडन कराने झारखंड स्थित देवघर (बाबा धाम) जा रहे थे। हादसे में शेखर की मां मीना देवी, आदापुर के धबधबवा निवासी बहन पल्लवी देवी (28), बहनोई राकेश गुप्ता (38) व मौसेरे भाई बादल कुमार (10) के साथ चालक जफर आलम की मौके पर ही मौत हो गई।

शेखर के साथ छोटी बहन गौर (नेपाल) निवासी स्वीटी गुप्ता, बहनोई खुशेन्दर गुप्ता, दो वर्षीय भांजा उज्ज्वल कुमार और एक पेंटर जख्मी हैं। शेखर की हालत गंभीर है।

स्वजन के मुताबिक, महज दो सप्ताह बाद 12 दिसंबर को माता-पिता के इकलौते पुत्र शेखर की शादी है। वे ढाका के गुदरी बाजार में लेडिज पर्स एवं जेनरल स्टोर चलाते हैं।

शेखर की मां ने मन्नत मांगी थी। उसी के आलोक में शेखर के शादी-पूर्व मुंडन संस्कार के लिए देवघर जा रहे थे। गाड़ी पर सवार नौ लोगों में से पांच की मौत हो गई।

घटना के बाद स्वजन के चीत्कार से ढाका बाजार स्थित शेखर के घर के इलाके में हृदय विदारक दृश्य है।
रक्सौल निवासी शेखर के मामा पप्पू गुप्ता और रामबाबू गुप्ता ने बताया कि बाबा धाम जाने के लिए शेखर ने ट्रेन का तत्काल टिकट बुक कराने के लिए दिया था, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं हो सका।

मनौती पूरी करने की ललक में पूरे परिवार ने सड़क मार्ग से जाने का फैसला किया। चैनपुर ढाका निवासी छोटाई मियां के पुत्र जफर आलम की स्कार्पियो बुक कर सोमवार रात करीब 11 बजे देवघर के लिए रवाना हो गए।

रात 11 बजे दोस्त से हुई थी बात

शेखर के ग्रामीण मित्र बबलू कुमार ने बताया कि सोमवार रात ठीक 11 बजे शेखर से फोन पर बात हुई थी, तब उसने बड़े उत्साह से कहा था कि हम सभी बाबा धाम के लिए निकल पड़े हैं।

चालक जफर आलम रात 10:30 बजे गाड़ी लेकर दरवाजे पर पहुंचा था। सामान लादकर सभी रवाना हुए थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। मंगलवार अल सुबह करीब 4:30 बजे गुणसागर के समीप सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रक से स्कार्पियो की टक्कर हो गई।

ढाका विधायक ने दी सांत्वना, झारखंड के डीएम-एसपी से की वार्ता

सूचना मिलते ही ढाका विधायक फैसल रहमान पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचे। शोकाकुल स्वजन को सांत्वना दी। विधायक ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से फोन पर पूरी स्थिति की जानकारी ली। संबंधित जिले के डीएम और एसपी से वार्ता कर जख्मी लोगों के समुचित और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें- लखीसराय-जमुई मार्ग पर भीषण हादसा, स्कॉर्पियो-ट्रक की टक्कर में ड्राइवर सहित पांच की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।