30 साल पहले वैशाली से चोरी ट्रैक्टर पूर्वी चंपारण के आदापुर में मिला, पुलिस भी रह गई हैरान
पूर्वी चंपारण के आदापुर में 30 साल पहले वैशाली से चोरी हुआ एक ट्रैक्टर वाहन जांच के दौरान बरामद किया ...और पढ़ें

चोरी का ट्रैक्टर जब्त व पुलिस की गिरफ्त में आरोपित। सौ. पुलिस
संवाद सहयोगी, आदापुर (पूर्वी चंपारण)। करीब तीन दशक पहले चोरी हुआ एक ट्रैक्टर इतने साल बाद पूर्वी चंपारण के आदापुर में मिल जाएगा, इसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की होगी।
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने सिरसिया कलां मठिया स्कूल के पास एक ट्रैक्टर बरामद किया तो उसकी पहचान ने पुलिस को भी चौंका दिया।
जांच में पता चला कि यह ट्रैक्टर वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र से चोरी हुआ था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे।
जांच में खुला चोरी का राज
थानाध्यक्ष रुपम कुमारी ने बताया कि बुधवार को वाहन जांच के दौरान पुलिस ने सिरसिया कलां मठिया स्कूल के पास बिना रजिस्ट्रेशन नंबर का एक ट्रैक्टर पकड़ा। संदेह होने पर ट्रैक्टर के चेचिस और इंजन नंबर की एचएचडी मशीन से जांच कराई गई। जांच में ट्रैक्टर चोरी का निकला।
चेचिस नंबर ने खोली पुरानी फाइल
बरामद ट्रैक्टर का चेचिस नंबर एमबीएनएसएफएवीएईजीएनएच 00104 और इंजन नंबर एनजीएच5एफएई 0645 है। तकनीकी जांच के बाद पुलिस को पता चला कि ट्रैक्टर वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र से चोरी हुआ था। इस मामले में देसरी थाने में 14 मार्च 2017 को कांड संख्या 63/17 दर्ज की गई थी।
खरीद-बिक्री के आरोप में एक गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी के ट्रैक्टर की खरीद-बिक्री में संलिप्तता के आरोप में सिरसिया कला निवासी हुसनजान मियां के पुत्र सेराज आलम को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस को देखकर दो अन्य आरोपित भाग निकले।
फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी
फरार आरोपितों की पहचान शेखवा टोला निवासी स्व. शाहिद मियां के पुत्र आबिद हुसैन और इनरवा बलदेरवा निवासी ताहिर हुसैन के पुत्र इम्तेयाज आलम के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आदापुर थाने में कांड संख्या 378/26 दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपित को जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।