मोतिहारी के साईं और आनंद धाम मंदिर चोरीकांड का पर्दाफाश, मुकुट गलाकर मिटाते थे साक्ष्य; चार गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण पुलिस ने मंदिरों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चार सदस्यों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

चोरी गया मंदिर का छत्र और 300 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Motihari Temple Theft: पूर्वी चंपारण जिले में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
विशेष टीम ने छापेमारी कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी गया मंदिर का छत्र और 300 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
दो मंदिरों में चोरी का पर्दाफाश
गिरफ्तार आरोपितों ने बेलिसराय स्थित आनंद धाम मंदिर और मिस्कॉट स्थित साईं मंदिर में चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरोह का नेटवर्क मोतिहारी से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और बलिया के अलावा नेपाल तक फैला हुआ था। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य चोरी किए गए मुकुट को गलाकर उसके साक्ष्य मिटा देते थे।
ऐसे पहुंची पुलिस आरोपितों तक
सदर-एक के पुलिस उपाधीक्षक दिलीप कुमार ने बुधवार की देर शाम प्रेसवार्ता में बताया कि आठ जून को बेलिसराय स्थित आनंद धाम मंदिर से मुकुट और छत्र की चोरी हुई थी।
इस संबंध में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद 21 अक्टूबर को मिस्कॉट स्थित साईं मंदिर से भी मुकुट और छत्र चोरी कर लिए गए थे।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सदर-एक एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने जिले के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने दोनों मंदिरों में चोरी की बात स्वीकार की।
मुकुट गलाकर मिटाते थे साक्ष्य
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि गिरोह के सदस्य चोरी किए गए मुकुट को गलाकर उसके साक्ष्य मिटा देते थे। इसके बाद उससे प्राप्त रकम से चांदी के आभूषण खरीदते थे।
आरोपितों की निशानदेही पर 300 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। चोरी गया मंदिर का छत्र भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
नेपाल तक फैला था नेटवर्क
पूछताछ में आरोपितों ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और बलिया के अलावा नेपाल के कई मंदिरों में भी चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
चार आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आदापुर के श्यामपुर बाजार निवासी दिनेश कुमार, घोड़ासहन के छोटका बंगरी निवासी बब्लू कुमार, लखौरा के इनरवा फुलवार निवासी श्याम सुंदर कुमार और आदापुर के गम्हरिया खुर्द निवासी सुभाष महतो के रूप में हुई है।
छापेमारी दल में सदर-एक एसडीपीओ दिलीप कुमार, नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन, दारोगा बीके हनुमंत, प्रमोद कुमार, जिला सूचना इकाई के सदस्य और पुलिस जवान शामिल थे।