विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Crime : चाबी बिना ट्रक स्टार्ट कर करते थे चोरी, चार जिलों में फैला गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ा

Published: Thu, 08 Oct 2026 04:57 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के ढाका में पुलिस ने एक बड़े अंतर जिला ट्रक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें पांच ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण में पुलिस की गिरफ्त में आरेपित।

पूर्वी चंपारण में पुलिस की गिरफ्त में आरेपित।

HighLights

  1. ढाका पुलिस ने अंतर जिला ट्रक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया।

  2. पांच शातिर सदस्य गिरफ्तार, चोरी का ट्रक बेगूसराय से बरामद।

  3. गिरोह पर बिहार के कई जिलों में 54 मामले दर्ज हैं।

संवाद सहयोगी, सिकरहना (पूर्वी चंपारण)। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना पुलिस ने गुरुवार को राज्य के विभिन्न जिलों में ट्रक व अन्य वाहनों की चोरी करनेवाले एक बड़े अंतर जिला ट्रक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर यहां हुई घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए ढाका से चोरी गए एक ट्रक को बेगूसराय के बछवारा से बरामद कर लिया है। इसी के साथ गिरोह का बड़ा नेटवर्क भी सामने आया है।

गिरोह के पांच शातिर सदस्य गिरफ्तार किए गए है। उनके पास से पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त मोबाइल व गिरफ्तार बदमाशों से मिले सुराग के आधार पर पुलिस की टीम अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

इस कार्रवाई से छपरा, गोपालगंज, बेतिया और मोतिहारी सहित कई जिलों में सक्रिय वाहन चोर सिंडिकेट के 10 से अधिक बड़े मामलों का सफल पर्दाफाश हुआ है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।

इन सभी शातिरों पर बेतिया, सारण, गोपालगंज और पूर्वी चंपारण के विभिन्न थानों में ट्रक चोरी के दर्जनों मामले दर्ज है। पकड़े गए बदमाशों में पूर्वी चंपारण के मुफस्सिल थाना के बैरिया निवासी रजनीश कुमार, केसरिया थाना के कढ़ान निवासी विशाल कुमार, सुबोध कुमार, डुमरिया थाना के रामपुर खजुरिया निवासी शिव कुमार व संतोष कुमार उर्फ जटहा शामिल हैं।

कुल 54 मामलों में शामिल रहे हैं गिरफ्तार बदमाश

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए बदमाश कुल 54 मामलों में आरोपित हैं। रजनीश पर आठ, विशाल पर नौ, शिव कुमार पर चौदह, संतोष पर चौदह व सुबोध कुमार पर नौ ट्रक चोरी के मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।

बदमाशों से की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस सभी मामलों की संचिकाओं को खंगाल रही। फिलहाल गिरफ्तारी के बाद आगे की न्यायिक प्रक्रिया की जा रही है।

04 अक्टूबर को ढाका से ट्रक चोरी, आठ को पर्दाफाश

बता दें कि चार अक्टूबर की रात्रि ढाका थाना अंतर्गत ग्राम बकरीहारी से एक 12 चक्का ट्रक चोरी हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सिकरहना अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मोतिहारी स्थित चंद्रहिया टाटा मोटर्स के समीप छापेमारी कर गिरोह के शातिर सदस्य रजनीश कुमार को हिरासत में लिया।

पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए उक्त ट्रक को बेगूसराय के बछवाड़ा टोल प्लाजा से बरामद कर लिया। इस गिरोह का मुख्य सरगना पीपरा थाना के चिन्तावनपुर निवासी सन्नी कुमार श्रीवास्तव है। वह फिलहाल फरार चल रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

बालू मंडी, राइस मिल समेत वाहनों की बड़ी पार्किंग लाट पर मारते थे हाथ

एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई है कि बदमाश बालू मंडी, राइस मिल सहित जहां भी मंडी वाले जगह या सुनसान जगह पर खड़े ट्रक को शातिर निशाना बनाते थे।

बिना चाबी के ट्रक स्टार्ट कर चोरी कर दूसरे जिले में ले जाकर बेचने का काम करते थे। मुख्य सरगना सन्नी के पास चार ट्रक है। मुजफ्फरपुर में ट्रक का गैरेज भी होने की सूचना है।

पुलिस सत्यापन का काम कर रही है। टीम में ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय, अंचल निरीक्षक अशोक कुमार साह, दारोगा संतोषी कुमारी, रमाकांत कुमार, दीपक कुमार, हरिशंकर कुमार, मो. शहबाज आलम, महेश प्रसाद के अलावा जिला आसूचना इकाई मोतिहारी के दारोगा करण कुमार सिंह, परमानंद ठाकुर, सिपाही अजीत कुमार, बलराम चौधरी आदि शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में कुरियर के नाम पर मोबाइल किया फॉरवर्ड, इंडोनेशिया से अफगानिस्तान तक आने लगे दर्जनों OTP