बिहार में पेंशनधारियों को बैंक जाने की जरूरत नहीं, मोबाइल से घर बैठे जमा करें जीवन प्रमाणपत्र
पेंशनधारियों को अब नवंबर में लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए बैंक नहीं जाना पड़ेगा। वे केंद्र सरकार के जीवन ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
पेंशनधारी अब घर बैठे जमा कर सकेंगे लाइफ सर्टिफिकेट।
जीवन प्रमाण एप से चेहरे का प्रमाणीकरण होगा आसान।
बैंकों में भी बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर की सुविधा।
जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। नवंबर आते ही पेंशनधारियों को लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की चिंता सताने लगती है। खासकर बुजुर्गों और बीमार पेंशनधारियों के लिए बैंक तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं होता।
बैंक में लंबी कतारों में लगने की परेशानी भी अलग। लेकिन अब पेंशनधारियों को इस झंझट से राहत मिलने जा रही है। वे घर बैठे अपने स्मार्टफोन से ही लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। इसके लिए केंद्र सरकार के जीवन प्रमाण एप की सुविधा उपलब्ध है।
मोबाइल से होगा चेहरे का प्रमाणीकरण
जीवन प्रमाण एप केंद्र सरकार का आधिकारिक एप है। इसे इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने विकसित किया है। इसमें फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसके जरिए किसी भी एंड्रायड स्मार्टफोन के कैमरे से चेहरा स्कैन कर पेंशनधारी अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। इसके लिए अलग से किसी बायोमेट्रिक डिवाइस की जरूरत नहीं होती है।
बैंक में भी अलग काउंटर की सुविधा
जो पेंशनधारी मोबाइल एप के जरिए प्रमाणपत्र जमा नहीं कर सकते, उनके लिए बैंक शाखाओं में भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत अलग काउंटर संचालित किया जा रहा है, ताकि बुजुर्गों को सामान्य बैंकिंग कार्यों के लिए आने वाले ग्राहकों की कतार में खड़ा नहीं होना पड़े।
बुजुर्गों और बीमार पेंशनधारियों को राहत
इस सुविधा से विशेष रूप से वैसे पेंशनधारियों को फायदा होगा, जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी होती है या जो बीमारी के कारण बैंक तक नहीं पहुंच सकते। अब उन्हें केवल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
क्या कहते हैं बैंक प्रबंधक
एसबीआई शाखा के मुख्य प्रबंधक प्रेमशंकर ठाकुर ने बताया कि पेंशनधारियों की सुविधा को देखते हुए बैंक में अलग काउंटर संचालित किया जा रहा है। इसके साथ ही जीवन प्रमाण एप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।