विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bhaiya Dooj 2026: बहन का शाप बनता है भाइयों के लिए वरदान, निभाती हैं कांटे वाली अनूठी परंपरा

Published: Mon, 09 Nov 2026 03:57 PM (GMT+05:30)

दीपावली के बाद भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक भैया दूज 11 नवंबर को मनाया जाएगा। इस दिन बहनें भाइयों को ...और पढ़ें

इस पावन पर्व को लेकर समाज में कई ऐसी अनूठी परंपराएं प्रचलित हैं। (AI Generated Image)

इस पावन पर्व को लेकर समाज में कई ऐसी अनूठी परंपराएं प्रचलित हैं। (AI Generated Image) 

संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Yam Dwitiya Date: दीपावली के ठीक बाद भाई-बहन के प्रेम और अटूट विश्वास का प्रतीक लोक आस्था का महापर्व भैया दूज (भ्रातृ द्वितीया) इस बार 11 नवंबर (बुधवार) को मनाया जाएगा।

इसी दिन भगवान चित्रगुप्त और कलम-दवात की पूजा भी धूमधाम से होगी। इस पावन पर्व को लेकर समाज में कई ऐसी अनूठी परंपराएं और मान्यताएं प्रचलित हैं, जो भाई-बहन के रिश्ते की गहराई को और प्रगाढ़ करती हैं।

बहन का शाप बनता है आशीर्वाद

धार्मिक मान्यताओं और परंपरा के अनुसार, भैया दूज के दिन प्रातःकाल बहनें अपनी रक्षा और भाई के दीर्घायु जीवन की कामना के लिए एक अनूठी रस्म निभाती हैं।

इस दौरान बहनें भाइयों को शाप देती हैं और पुनः प्रायश्चित के रूप में अपनी जिह्वा (जीभ) पर रेंगनी के कांटे चुभाती हैं।

ऐसी गहरी लोक मान्यता है कि इस दिन बहन द्वारा दिया गया शाप भी भाइयों के लिए आशीर्वाद और सुरक्षा कवच साबित होता है।

यमराज और यमुना की कथा

कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यम द्वितीया या भ्रातृ द्वितीया भी कहा जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, इसी दिन देवी यमुना ने अपने भाई यमराज को अपने घर पर सत्कार सहित भोजन कराया था, जिससे प्रसन्न होकर यमलोक में उत्सव मनाया गया था।

स्थानीय आर्षविद्या शिक्षण प्रशिक्षण सेवा संस्थान-वेद विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार पाण्डेय बताते हैं कि इस तिथि पर जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उनके हाथ का बना भोजन ग्रहण करता है और उन्हें यथाशक्ति दान देता है, उसे बल, पुष्टि, धन, यश, आयु और अपरिमित सुखों की प्राप्ति होती है।

भगवान चित्रगुप्त और कलम दवात की पूजा

भैया दूज के दिन ही कायस्थ समाज द्वारा भगवान चित्रगुप्त और कलम-दवात की पूजा की जाती है। पौराणिक प्रसंग के अनुसार, ब्रह्मांड की रचना के दौरान भगवान ब्रह्मा की काया से श्यामवर्ण, कमल नयन और हाथ में कलम-दवात धारण किए एक पुरुष प्रकट हुए, जिन्हें 'चित्रगुप्त' नाम दिया गया।

इन्हें जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला धर्मराज का मुख्य सचिव माना गया है। मान्यता है कि चित्रगुप्त जी से ही श्रीवास्तव, गौड़, माथुर, भटनागर, अस्थाना और अम्बष्ट समेत कई उपवंशों की उत्पत्ति हुई।

यह भी पढ़ें- भाई दूज पर बहनें माथे पर ही क्यों लगाती हैं तिलक? जानिए इस परंपरा के पीछे की अनोखी कथा और शुभ मुहूर्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।