रूस में नौकरी का सपना दिखाकर भेजा, अब मास्को में भूख से जूझ रहा बिहार का बेटा, घर में बिलख रही मां
Bihar Youth Trapped in Russia : आदापुर के सयामुल हक नौकरी के झांसे में आकर मास्को में फंसे हुए हैं और भूख से जूझ रहे हैं। एजेंट ने वर्क वीजा के बजाय टूरिस्ट वीजा दिया और लाखों रुपये ठग लिए, जिससे परिवार परेशान है और वापसी की गुहार लगा रहा है।

Russia Job Fraud : दिल्ली हवाई अड्डे से मास्को के लिए रवाना होता श्यामउल हक, फोटो में बाएं से दाहिने पीले शर्ट वाला। सौ. परिवार
HighLights
सयामुल हक नौकरी के झांसे में मास्को में फंसे।
एजेंट ने वर्क वीजा की जगह टूरिस्ट वीजा दिया।
नौकरी के नाम पर नौ लाख रुपये की ठगी हुई।
संवाद सहयोगी, आदापुर (पूर्वी चंपारण)।Bihar Youth Trapped in Russia : विदेश में नौकरी का सपना देखकर रूस गए गम्हरिया खुर्द के सयामुल हक की जिंदगी अब मास्को की सड़कों पर भूख और भटकाव में बदल गई है।
पिछले चार महीने से वह कभी ब्रेड की फैक्ट्री में तो कभी किसी अन्य फैक्ट्री में मजदूरी करके किसी तरह जिंदा है। हालत यह है कि एक शाम खाता है तो दूसरी शाम भूखा रहता है।
घर में मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे से बात होती है तो वह भी रोने लगता है। मां ने पश्चिम चंपारण के सांसद डा. संजय जायसवाल को पत्र लिखकर बेटे की वापसी की गुहार लगाई है।
मामला शिकारगंज के कथित एजेंट मुन्ना महतो से जुड़ा है। पीड़ित रंजीत महतो ने बताया कि मुन्ना ने आदापुर गम्हरिया खुर्द के रंजीत महतो, इमाम हुसैन, सयामुल हक और राकेश कुमार को रूस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। कहा कि रूस में तीन साल रहना होगा और 60 से 70 हजार रुपये महीना मिलेगा।
दिल्ली से ज्यादा पैसा मिलेगा, सिलाई का काम करना है। इसके लिए तत्काल एक लाख 60 हजार रुपये देने को कहा और 40 हजार रुपये अपने पास लेकर जाने को कहा। वहां उसका आदमी फैक्ट्री में काम दिलवा देगा।
चारों युवकों ने कर्ज लेकर पैसा जुटाया और मुन्ना को दे दिया। जब वीजा आया तो वर्क वीजा की जगह टूरिस्ट वीजा बनाकर दिया गया था। पूछने पर मुन्ना ने कहा कि वहां जाने पर कंपनी का आदमी मिलेगा और वीजा भी ठीक हो जाएगा।
दिल्ली से मास्को एयरपोर्ट पर उतरे, छह घंटे तक कोई लेने नहीं आया
25 जुलाई को चारों दिल्ली से मास्को एयरपोर्ट पर उतरे। सुबह से शाम तक इंतजार किया, छह घंटे तक कोई लेने नहीं आया। भूखे-प्यासे चारों एयरपोर्ट पर भटकते रहे।
एजेंट से संपर्क करने पर उसने टैक्सी भेजी। टैक्सी वाले ने 10 हजार रुपये लेकर फिर दोबारा एयरपोर्ट पर लाकर छोड़ दिया। अंग्रेजी समझ में नहीं आई। फिर तीन हजार रुपये और देने पर वह ठिकाने पर पहुंचा।
जिस कमरे में ठहराया गया वहां मकान मालिक आया और बोला कि तुम्हारा टूरिस्ट वीजा है, जल्दी खाली करो और वापस जाओ। तीन युवक घर से 40 हजार रुपये और मंगाकर जैसे-तैसे वापस आ गए।
रंजीत ने बताया कि चारों के करीब नौ लाख रुपये खर्च हुए, सब एजेंट रख लिया। सयामुल से जब वापस चलने को कहा तो वह रोने लगा। बोला कि ऊपर इतना कर्ज है कि वहां भी जाकर मर जाना है, यहीं मर जाएंगे। अब वह मास्को में ही फंसा है।
रंजीत ने बताया कि अब मुन्ना महतो ठीक से बात भी नहीं करता है। पूरे मामले का आवेदन शिकारगंज थाने को दिया गया है। पीड़ितों ने एजेंट पर कार्रवाई, ठगा गया पैसा वापस दिलाने और सयामुल को सुरक्षित घर लाने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।