East Champaran: कन्याओं के सम्मान में झुके सिर, 1001 बेटियों के पूजन से दिखी आस्था की सुंदर तस्वीर
पूर्वी चंपारण के आदापुर में जय मां दुर्गा पूजा समिति ने 1001 कुंवारी कन्याओं का पूजन कर नारी शक्ति सम्मान ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण के आदापुर प्रखंड स्थित गम्हरिया खुर्द में आस्था और नारी शक्ति का ऐसा ही भव्य संगम देखने को मिला। जागरण
HighLights
पूर्वी चंपारण में 1001 कुंवारी कन्याओं का भव्य पूजन।
थानाध्यक्ष रूपम कुमारी को नारी शक्ति सम्मान से नवाजा गया।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति, भंडारे से श्रद्धालुओं का मन मोहा।
संवाद सहयोगी, आदापुर (पूर्वी चंपारण)। एक साथ 1001 कुंवारी कन्याएं, माथे पर श्रद्धा का भाव और चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित करने की परंपरा। पूर्वी चंपारण के आदापुर प्रखंड स्थित गम्हरिया खुर्द गांव में आस्था और नारी शक्ति का ऐसा ही भव्य संगम देखने को मिला।
यहां जय मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से ब्रह्म बाबा स्थान परिसर में कुंवारी कन्या पूजन सह नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विधि विधान से 1001 कन्याओं का पूजन कर उन्हें चुनरी ओढ़ाई गई। इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ कन्याओं के सम्मान का संदेश भी दिया।
1001 कन्याओं का विधि विधान से पूजन
समारोह में 1001 कुंवारी कन्याओं का पारंपरिक रीति रिवाज के अनुसार पूजन किया गया। इसके बाद सभी कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। महानवमी के अवसर पर कुंवारी कन्याओं और बटुकों को भोजन भी कराया गया। आयोजन के दौरान परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी की।

थानाध्यक्ष रूपम कुमारी को नारी शक्ति सम्मान
कार्यक्रम में आदापुर की थानाध्यक्ष रूपम कुमारी को नारी शक्ति सम्मान से सम्मानित किया गया। समिति की इस पहल के माध्यम से महिला शक्ति के सम्मान और समाज में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन
समारोह में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर गांव के महिला पुरुषों के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
सात वर्षों से हो रहा भव्य आयोजन
समिति के मुख्य यजमान छोटेलाल कुमार साह, अध्यक्ष रवि कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष सह पूर्व उप प्रमुख रामजीवन बैठा और कोषाध्यक्ष मंगल कुमार ने बताया कि गांव में पिछले सात वर्षों से लगातार भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य आचार्य पंडित संजय तिवारी की देखरेख में माता की पूजा, हवन और नवरात्र पाठ संपन्न हुआ।
समिति के सदस्यों ने निभाई जिम्मेदारी
मंच संचालन शिक्षक दयाशंकर बैठा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में उप कोषाध्यक्ष ब्रज किशोर बैठा, सचिव उमाशंकर साह, वॉलंटियर अध्यक्ष त्रिभुवन बैठा, बिजली संचालक उमेश कुशवाहा, सलाहकार संजय कुशवाहा, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी रामविलास बैठा और पूर्व मुखिया शफी अहमद सहित अन्य सदस्यों की भूमिका रही।
